घर में घुसकर चोरी, सोने-चांदी के आभूषण समेत 10 लाख रुपये लेकर चोर फरार

सहारनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव चौहड़पुर निवासी मेहंदी हसन के बंद मकान में दीवार फांद कर घुसे चोरों ने पूरा घर खंगाल दिया। चोरों ने यहां से दो लड़कियों की शादी के लिए खरीदे लगभग सात लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर, डेढ़ लाख रूपए नकद तथा लगभग दो लाख रुपए का कपड़ा व बर्तन साफ कर दिए। बराबर के घर में उसका भाई कुरबान जगा हुआ था। जिसने उन्हें निकलते देखा तो शोर मचाया और फोन पर मेहंदी हसन को सूचना दी।

गांव चौहड़पुर निवासी मेहंदी हसन पुत्र वहीद रविवार को घर का ताला लगाकर अपने परिवार सहित देहरादून शादी में गया था। रात तीन बजे उसके भाई कुरबान अली ने उसे फोन कर बताया कि घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलने पर वह तत्काल किराए की कार से सुबह छह बजे घर पहुंचा। मेहंदी हसन ने बताया कि चोर दीवार फांद कर उसके घर में घुसे और अंदर के छोटे गेट जिस पर ताला नहीं लगा था कुंडी खोलकर अंदर चले गए। चोरों ने अलमारी व तीन बड़ी पेटियों को खंगाला। मेहंदी हसन ने बताया कि घर में डेढ़ लाख रुपए नकद रखे थे। दो बेटियों की शादी के दहेज का सामान जिसमें जेवर, कपड़ा, बर्तन, पासपोर्ट व अन्य कीमती सामान था, चोरों ने सब साफ कर दिया।

उसने बताया कि उसका भाई कुछ मंदबुद्धि है वह रात में सोता नहीं है। लगभग दो बजे उसने चोरों को पिछले गेट से समान ढोते हुए देखा तो धीरे से उठकर पड़ोसी के घर का दरवाजा पीटा लेकिन कोई नहीं जगा तो उसने शोर मचा दिया। जिस पर भीड़ इकट्ठा हो गई। लेकिन तब तक चोर पूरा सामान लेकर साफ हो चुके थे। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। घटना की तहरीर दे दी गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts