गजपति : ओडिशा के गजपति ज़िले में जादू-टोना के शक में ग्रामीणों के एक समूह ने एक युवक की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने उसे जंगल में दफना दिया। मृतक के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, गजपति ज़िले के मोहना थाना क्षेत्र के जिरांग गाँव का करुणाकर दलाई नाम का युवक लगभग 8 महीने से कुसुमपुर गाँव में रह रहा था। वहाँ वह कंद-मूल और जड़ी-बूटियों से स्थानीय मरीजों का इलाज करता था।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले गाँव का एक 11 वर्षीय बच्चा कुत्ते के काटने के बाद करुणाकर के पास इलाज के लिए गया था। हालाँकि, दो दिन बाद बच्चे की मौत हो गई। इससे ग्रामीणों को शक हुआ कि बच्चे की मौत जादू-टोने के कारण हुई है। ग्रामीणों के शक की सुई करुणाकर पर अटक गई। उन्हें लगा कि उसने जादू-टोना करके बच्चे की हत्या की है। इसके बाद 28 जुलाई को कुछ लोगों ने गाँव के आंगनवाड़ी केंद्र में करुणा के हाथ-पैर बाँधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। पिटाई से करुणाकर की मौत हो गई। बाद में, ग्रामीणों ने शव को गाँव के पास जंगल में दफना दिया। यह खबर मिलने पर करुणाकर के परिवार ने मोहना थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मृतक की भाभी सबिता दलाई ने बताया कि उन्हें पता चला है कि करुणाकर की हत्या कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जादू-टोने के शक में उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। परिवार ने जादू-टोने के शक में हत्या और शव दफनाने की शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद मोहना पुलिस कुसुमपुर गाँव पहुँची और जाँच शुरू की। उन्होंने जंगल में करुणाकर के शव की तलाश की। बाद में पुलिस को वह जगह मिल गई जहाँ शव दफनाया गया था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ब्रह्मपुर भेज दिया गया है। पुलिस ने इस घटना में 8 लोगों को हिरासत में लिया है।
मोहना थाने के आईआईसी बसंत सेठी ने बताया कि इस घटना में कुछ और लोग शामिल हैं, उन्हें ढूंढकर गिरफ्तार किया जाएगा। थाने के आईआईसी बसंत सेठी ने बताया, “युवक की मौत के बाद कुछ लोगों ने शव को गाँव से ढाई किलोमीटर दूर जंगल में दफना दिया। जिस जगह शव दफनाया गया था, उसे स्थानीय तहसील, वैज्ञानिक टीम और पुलिस की मौजूदगी में खोदा गया।” उन्होंने बताया कि इस घटना में 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह पता लगाने के लिए जाँच चल रही है कि क्या इसमें कोई और शामिल है। हालाँकि, जादू-टोने के बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं है।

