सपा सांसद के साथ एडीएम की बदसलूकी के मामले ने पकड़ा तूल, सपा नेताओं ने मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

The case of ADM's misbehavior with SP MP took a serious turn

सहारनपुर : शामली की कैराना लोकसभा सीट से सपा सांसद इकरा हसन के साथ एडीएम द्वारा बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जनप्रतिनिधि के साथ हुई बदसलूकी को लेकर सपा नेताओं में रोष है। गुरुवार को सपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सपा नेताओं ने मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर एडीएम प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए।

The case of ADM's misbehavior with SP MP took a serious turn

बता दें कि कैराना लोकसभा से सपा सांसद इकरा हसन ने एडीएम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे। इकरा हसन ने प्रमुख सचिव और मंडलायुक्त को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। सांसद इकरा हसन ने एडीएम प्रशासन पर बदसलूकी और धमकी देने के साथ ही उन्हें कार्यालय से बाहर निकालने का भी आरोप लगाया था। मामला इतना बढ़ गया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव तक पहुँच गया। जिससे सपा नेताओं में रोष है।

दरअसल मामला एक जुलाई का है। कैराना से सपा सांसद इकरा हसन, छुटमलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन के साथ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर से मिलने गई थीं। आरोप है कि एडीएम प्रशासन ने न केवल उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि दोनों को कार्यालय से बाहर जाने को भी कहा। साथ ही कहा कि कार्यालय उनका है, वह जो चाहें करने के लिए स्वतंत्र हैं। कैराना सांसद की शिकायत के बाद मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को जाँच के आदेश दिए हैं।

कैराना सांसद ने इस मामले की शिकायत प्रमुख सचिव नियुक्ति उत्तर प्रदेश और मंडलायुक्त से की। शिकायत में बताया गया है कि एक जुलाई को उन्हें छुटमलपुर की विभिन्न समस्याओं को लेकर एडीएम संतोष बहादुर सिंह से मिलना था। एक बजे जब उनसे संपर्क किया गया, तो उन्होंने जवाब दिया कि एडीएम लंच पर गए हैं और वह पत्राचार के माध्यम से अपनी समस्या बताएँ। दोपहर भोजन के बाद करीब तीन बजे कैराना सांसद और छुटमलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन एडीएम कार्यालय पहुंचीं। आरोप है कि बैठक के दौरान एडीएम का व्यवहार अपमानजनक था। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष को डांट लगाई। इस पर कैराना सांसद ने समस्या सुनने का अनुरोध किया।

आरोप है कि एडीएम ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। साथ ही उन्हें कार्यालय से बाहर जाने को भी कहा। कैराना सांसद ने इस मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है। सपा सांसद इकरा हसन और चेयरमैन शमा परवीन के साथ हुए अभद्र व्यवहार को लेकर सपा नेताओं ने गुरुवार को मंडलायुक्त कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर एडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने कहा कि उनके सांसद का एक अधिकारी ने अपमान किया है। जो बेहद शर्मनाक है। ऐसे अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए जो देश के सबसे बड़े सदन के सदस्य को सम्मान देना नहीं जानता।

सांसद एक जनप्रतिनिधि होता है, जिसे लाखों लोग वोट देकर चुनते हैं। सांसद-विधायक के सम्मान का एक प्रोटोकॉल होता है जिसका पालन हर अधिकारी को करना होता है। लेकिन एडीएम साहब ने प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। उन्होंने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी। जनप्रतिनिधि का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए अगर हमें लखनऊ से दिल्ली भी जाना पड़े तो हम जाएंगे। जनप्रतिनिधि चाहे किसी भी पार्टी का हो, अधिकारी को उसका सम्मान करना चाहिए और उसकी बात सुननी चाहिए।

मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने बताया कि कैराना सांसद इकरा हसन ने अभद्र व्यवहार की शिकायत की है। जिलाधिकारी को मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। चूंकि मामला एक जनप्रतिनिधि से जुड़ा है, इसलिए मामले की जांच की जा रही है। सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ विनम्रता से पेश आने के निर्देश दिए गए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts