अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पर भी बड़ा ब्यान दे डाला। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का नया फुलफॉर्म बताया। अखिलेश ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की पिटाई का वीडियो दुख पहुँचाने वाला है। प्रदेश में शिक्षण संस्थानों की खराब स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि बी-फार्मा और डी-फार्मा कर रहे छात्रों का भविष्य अधर में लटक रहा है। ऐसे संस्थान भाजपा के ‘नेकर मित्र’ चला रहे हैं। ABVP को लेकर चल रहे विवाद पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह हिंदू युवा वाहिनी और भाजपा नेताओं के बीच की लड़ाई है। जो लोग कुर्सियों पर बैठे हैं, वे भाजपा के नहीं, बल्कि वाहिनी के सदस्य हैं।
राजभर के सरकारी आवास पर हुए हमले पर अखिलेश ने कहा कि वह इस पर कुछ नहीं कहेंगे। क्योंकि, कुछ लोग हमसे पैसे लेकर बोलते हैं। हालाँकि, उन्हें अपने सम्मान के बारे में सोचना चाहिए, पंचायती राज से पीडब्ल्यूडी की ओर रुख करना चाहिए। अखिलेश यादव ने पंचायत चुनाव और उपचुनावों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि कुंदरकी उपचुनाव में 77% मतदान दिखाया गया, जबकि 2017 में केवल 42-43% मतदान हुआ था। उन्होंने तंज कसा कि यह चुनाव आयोग नहीं, बल्कि जुगाड़ आयोग है।
अखिलेश ने कहा कि जन्माष्टमी से उन्होंने सरकार के दिन गिनने शुरू कर दिए हैं। अब केवल 493 दिन बचे हैं। सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। न शिक्षा बची है, न रोजगार, न ही लोकतंत्र। जनता अब भाजपा को नहीं बचाएगी। अपने वाहनों के बार-बार चालान काटे जाने पर अखिलेश ने कहा, “मेरे सरकारी वाहनों का 8 लाख रुपये का चालान किया गया है। यह सब जानबूझकर किया जा रहा है। सरकार द्वारा हमें दिए गए पुराने वाहनों को एक्सप्रेसवे पर चलाना असंभव है। चालान का पैसा पार्टी फंड से भरा जाएगा।”
अखिलेश ने भाजपा विधायक केतकी सिंह के ‘टोटी चोरी’ वाले बयान पर कड़ा जवाब दिया और कहा कि यह आरोप उनके खिलाफ साजिश के तहत फैलाया गया है। उन्होंने पूर्व नौकरशाह अवनीश अवस्थी का नाम लेते हुए कहा कि हम टोटी चोर की साजिश को नहीं भूलेंगे। रोजगार महाकुंभ में सरकार युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देने में विफल रही है। डिलीवरी बॉय की नौकरी को रोजगार बताकर सरकार युवाओं का अपमान कर रही है। जीएसटी में कमी के बावजूद महंगाई कम नहीं हुई है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और 2027 में जीत निश्चित है।

