भूस्खलन के कारण बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा मुश्किल हो रही है, रास्ते में फंस रहे हैं तीर्थयात्री

Utrrakhand Landslide 1

रुद्रप्रयाग : पहाड़ों में रविवार रात से भारी बारिश जारी है। बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां विकराल रूप में बह रही हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर कई जगह बोल्डर और मलबा गिर रहा है, जिससे चारधाम यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Utrrakhand Landslide 1

केदारनाथ हाईवे पर मुनकटिया में पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर गिरने से मार्ग बंद हो गया। इसके कारण केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग में ही रोक दिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को पैदल यात्रियों और शटल के लिए खोल दिया गया। वहीं, बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ में बंद हो गया था। इसे भी युद्धस्तर पर काम करके खोल दिया गया है। एनएच विभाग की मशीनें हाईवे खोलने में लगी रहीं। अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और बारिश के अलावा भूस्खलन की भी चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ों में मौसम विभाग की भविष्यवाणी सच साबित होती दिख रही है और बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। केदारनाथ धाम समेत रुद्रप्रयाग जिले में बारिश से हालात अस्त-व्यस्त हैं। लगातार हो रही बारिश से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां उफान पर बह रही हैं।

Utrrakhand Landslide 1

रुद्रप्रयाग में संगम स्थल का निचला हिस्सा भी पूरी तरह जलमग्न हो गया है। बारिश और भूस्खलन से सबसे ज्यादा दिक्कत चारधाम यात्रियों को हो रही है। बदरीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर पहाड़ों से लगातार बोल्डर गिरने से तीर्थयात्री जगह-जगह फंस रहे हैं। केदारनाथ हाईवे पर सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया में पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। यहां पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा गिर रहा है। इसके चलते प्रशासन ने यात्रा रोक दी है। तीर्थयात्रियों को फिलहाल सोनप्रयाग से पैदल ही आगे बढ़ाया गया है।

इसके साथ ही गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग भी जानलेवा बना हुआ है। पैदल मार्ग पर जगह-जगह मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं। तीर्थयात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। बदरीनाथ हाईवे भी सिरोबगड़ में खतरनाक बना हुआ है। यहां भी ऊपरी पहाड़ी से भूस्खलन जारी है।

पिछले तीन दशक से सिरोबगड़ की पहाड़ी चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों और बरसात के मौसम में रुद्रप्रयाग और चमोली के लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। इसका अस्थायी समाधान आज तक नहीं हो पाया है। हाईवे बंद होने से दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। एनएच विभाग की मशीनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग से मलबा हटाकर सड़क खोल दी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts