अमेठी: संग्रामपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण और धर्म परिवर्तन के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि युवक ने हिंदू नाम बताकर उससे जान-पहचान बढ़ाई और अब उसे लेकर मुंबई भाग गया है। जहाँ वह बेटी का धर्म परिवर्तन कराने की तैयारी में है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला का आरोप है कि रोशन अली शेख मोहम्मद के बेटे इरफान अली मोहम्मद शेख ने खुद को सोनू बताकर उसकी नाबालिग बेटी से जान-पहचान बढ़ाई और उससे मोबाइल पर बातें करने लगा। युवक मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले का रहने वाला है, जो वर्तमान में नवी मुंबई में रह रहा है। महिला के मुताबिक, आरोपी अब उसकी बेटी को धर्म परिवर्तन कराने के इरादे से 2 जुलाई को बहला-फुसलाकर मुंबई ले गया। महिला ने आरोपी युवक का मोबाइल नंबर और पता भी पुलिस को दिया है।
संग्रामपुर एसएचओ बृजेश सिंह ने बताया कि नाबालिग के परिजनों ने पहले उसे अपने स्तर पर खोजा। बाद में उन्हें पता चला कि नाबालिग मुंबई में आरोपी के पास है। वहाँ उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। नाबालिग की माँ की शिकायत के आधार पर आरोपी इरफान अली मोहम्मद शेख के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जाँच की जा रही है।

