आगरा : एक दंपत्ति दिल्ली से 6 महीने के बच्चे को चुराकर आगरा ले आया। दंपत्ति ने बच्चे को आगरा के फतेहाबाद स्थित एक अस्पताल में 90 हजार रुपये में बेच दिया। दिल्ली पुलिस ने बच्चा चोरी की जांच की। आरोपी दंपत्ति की तलाश में पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव नयापुरा में छापेमारी की गई। पुलिस ने बच्चा चुराने वाले दंपत्ति समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि पिनाहट के मोहल्ला नयापुरा निवासी वीरभान उर्फ वीरू एक साल से दक्षिणी दिल्ली के सराय काले खां स्थित एक हलवाई की दुकान पर काम कर रहा है। 3 दिन पहले वीरभान उर्फ वीरू और उसकी पत्नी सराय काले खां से एक महिला के 6 महीने के बच्चे को लेकर गायब हो गए। आगरा आकर दोनों ने बच्चे को फतेहाबाद स्थित एक अस्पताल संचालक को 90 हजार रुपये में बेच दिया।
दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चा चोरी की जांच शुरू की। जिसमें पिनाहट निवासी हलवाई वीरभान की पहचान हुई। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की तो उसकी लोकेशन पिनाहट में मिली। इस पर सोमवार को पुलिस ने पिनाहट के नयापुरा में दबिश दी। सोमवार को हलवाई वीरभान और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया गया। दोनों से बच्चे के बारे में पूछताछ की गई। इसके बाद फतेहाबाद के एक अस्पताल में दबिश देकर अस्पताल संचालक और उसके कर्मचारी समेत 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
डीसीपी पूर्वी क्षेत्र अली अब्बास ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने पिनाहट में दबिश देकर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पिनाहट थाने के कार्यवाहक प्रभारी एसएसआई राज बहादुर सिंह को सूचना दी थी। आरोपियों से पूछताछ के बाद बच्चे को बरामद कर लिया गया। साथ ही पुलिस हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों को अपने साथ दिल्ली ले गई है।

