सहारनपुर : एक्सप्रेसवे और स्टेट हाईवे पर बढ़ी हुई टोल दरें आज आधी रात से लागू हो गई हैं। एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क में 2.5 गुना तक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर यह बढ़ोतरी 10 से 40 रूपये के बीच है। इसके परिणामस्वरूप निजी और भारी वाहन यात्रियों को भारी आर्थिक झटका लगा है।
आपको बता दें कि आज से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर सफर करना महंगा हो गया है। ये दोनों ही मार्ग उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से होकर गुजरते हैं। जहां एक ओर यात्रियों को अब छुटमलपुर स्थित चमारिखेड़ा टोल प्लाजा पर 2.5 गुना तक अधिक टोल चुकाना होगा। वहीं गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर स्थित कोलकी कलां प्लाजा पर टोल में वाहन की श्रेणी के आधार पर 10 से 40 रूपये तक की बढ़ोतरी की गई है। ये नई टोल दरें आज आधी रात से आधिकारिक तौर पर लागू हो गई हैं।
एक्सप्रेसवे पर स्थित चमारिखेड़ा टोल प्लाजा पर संशोधित दरें इस प्रकार हैं: कारों से अब 35 के बजाय 85 रूपये हल्के वाणिज्यिक वाहनों (LCVs) से 55 के बजाय 145, बसों और ट्रकों से 115 के बजाय 300, तीन-एक्सल वाले वाहनों से 130 के बजाय 330, भारी वाहनों से 185 के बजाय 475, और बड़े आकार के वाहनों से 220 के बजाय 575 का शुल्क लिया जाएगा। 24 घंटे के भीतर पूरी की गई वापसी यात्रा के लिए दोनों दिशाओं का संयुक्त टोल अब कारों के लिए 135, LCVs के लिए 215, बसों और ट्रकों के लिए 455, तीन-एक्सल वाले वाहनों के लिए 490, भारी वाहनों के लिए 710, और बड़े आकार के वाहनों के लिए 865 निर्धारित किया गया है। मासिक पास के लिए दरें क्रमशः 2,980, 4,810, 10,075, 10,990, 15,800 और 19,230 रूपये हैं।

