सौदा नहीं बना तो भैसें चुरा ले गए चोर, भैसों की तलाश में जुटी हल्द्वानी पुलिस

When the deal did not work out the thieves stole the buffaloes

हल्द्वानी : करीब 10 साल पहले उत्तर प्रदेश के तत्कालीन कैबिनेट मंत्री आजम खान की भैंस चोरी होने का मामला देश-दुनिया में सुर्खियों में रहा था। तब रामपुर पुलिस ने भैंस की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की थी। ऐसा ही एक मामला उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सामने आया है। हालांकि, यहां उत्तराखंड के किसी कैबिनेट मंत्री की भैंस नहीं खोई गई है, बल्कि एक पशुपालक की भैंस चोरी हो गई है। इन भैंसो की तलाश में हल्द्वानी पुलिस के पसीने छूट रहे हैं।

हल्द्वानी शहर कोतवाली में चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जंगल में चरने गए एक पशुपालक की आठ भैंस चोरी हो गई हैं। पशुपालक की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित पशुपालक की तहरीर पर पुलिस चोरी हुई 8 भैंसों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पशुपालक ने मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पशुपालक प्रेम सिंह बिष्ट का आरोप है कि उसने एक आरोपी द्वारा बताए गए दाम पर भैंसें नहीं बेचीं। इसी कारण वे चोरी हो गईं। पुलिस के मुताबिक, झुटियाल खट्टा, टांडा हल्द्वानी निवासी प्रेम सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने तहरीर में कहा है कि वह पेशे से पशुपालक हैं। उनके पास 17 भैंसें हैं। उनका आरोप है कि इसी साल फरवरी में मैंने गदरपुर निवासी यूसुफ से 6 भैंसों का सौदा 3 लाख रुपए में किया था।

यूसुफ द्वारा भैंसों के कम पैसे देने के कारण सौदा रद्द हो गया था। इसके बाद 7 मार्च को मैंने अपनी सभी 17 भैंसों को चरने के लिए घर से दूर जंगल में छोड़ दिया। शाम को जंगल से सिर्फ 9 भैंसें ही घर आईं। काफी तलाश के बाद भी 8 भैंसों का कोई सुराग नहीं मिला। मुझे यूसुफ पर भैंसें चुराने का शक है। करीम और अकरम की उससे मिलीभगत लगती है। पशुपालक प्रेम सिंह बिष्ट ने बताया कि जब उसने भैंसों के गायब होने की शिकायत पुलिस से की तो टांडा निवासी करीम और नहर खट्टा निवासी अकरम उसके घर आ गए। दोनों उस पर समझौता करने का दबाव बनाने लगे। इस पर पशुपालक को शक हुआ कि करीम और अकरम ने यूसुफ और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर जंगल से उसकी भैंसें चुराई हैं। इसके बाद प्रेम सिंह ने आरोपियों के खिलाफ हल्द्वानी थाने में तहरीर दी। उसने पुलिस से भैंसों की तलाश कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हल्द्वानी शहर कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि हल्द्वानी के एक पशुपालक ने अपनी 8 भैंसें चोरी होने की तहरीर दी है। गदरपुर निवासी यूसुफ, खेड़ा ऊधम सिंह नगर निवासी असलम, टांडा निवासी करीम और नहर खट्टा निवासी अकरम के खिलाफ भैंस चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts