कैराना सांसद इकरा हसन ने एडीएम पर दुर्व्यवहार के लगाए आरोप, एडीएम पर सांसद को गेट आउट फ्रॉम माय ऑफिस कहने का भी आरोप

Kairana MP Iqra Hasan accused ADM of misbehavior

सहारनपुर : कैराना लोकसभा से सपा सांसद इकरा हसन ने एडीएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इकरा हसन ने मंडलायुक्त को शिकायत पत्र देकर कार्यवाई की मांग की है। सांसद इकरा हसन ने एडीएम प्रशासन पर न सिर्फ अभद्रता का आरोप लगाया है बल्कि ऑफिस से बाहर निकालने के साथ धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मामला जनप्रतिनिधि से जुड़ा होने के चलते मंडलायुक्त ने मामले की जांच बैठा दी है।

आपको बता दें कि कैराना से सपा सांसद इकरा हसन एक जुलाई को छुटमलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन के साथ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर से मिलने पहुंची थी। आरोप है कि एडीएम प्रशासन ने न सिर्फ उनके साथ अभद्र व्यवहार किया बल्कि दोनों को कार्यालय से बाहर जाने को बोल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यालय उनका है, वह जो चाहें करने के लिए स्वतंत्र हैं। कैराना सांसद की शिकायत के बाद मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को जाँच के आदेश दिए हैं।

कैराना सांसद ने इस मामले की शिकायत प्रमुख सचिव नियुक्ति उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मंडलायुक्त को भी भेजी है। इसमें बताया गया है कि एक जुलाई को उन्हें छुटमलपुर की विभिन्न समस्याओं को लेकर एडीएम संतोष बहादुर सिंह से मिलना था। एक बजे जब उनसे संपर्क किया गया, तो उन्होंने जवाब दिया कि एडीएम लंच पर गए हैं और वे पत्राचार के ज़रिए अपनी समस्या बताएँ। लंच के बाद कैराना सांसद और छुटमलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन करीब तीन बजे एडीएम कार्यालय पहुँचीं।

आरोप है कि बैठक के दौरान एडीएम का व्यवहार अपमानजनक था। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष को डाँटा। इस पर कैराना सांसद ने समस्या सुनने का अनुरोध किया। आरोप है कि एडीएम ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने उनको कार्यालय से बाहर जाने को भी कहा। कैराना सांसद ने इस मामले में जाँच और कार्रवाई की माँग की है।

इस बाबत जब एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि प्रशासनिक मीटिंग के चलते उन्होंने अपना फोन साइलेंट कर लिया था। जिसे वे ऑन करना भूल गए। इसी बीच सांसद का फोन आया तो उन्हें फोन आने पता नहीं चल पाया। इसी  बीच उनके कार्यलय से निजी फोन पर कॉल आई तो पता चला कि सांसद इकरा हसन मिलने आई हैं। पता चलते वे अपने कार्यलय पहुंच गए और सांसद जी को सम्मान दिया और बैठने को कहा। जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार का कोई मामला नहीं है। बिना वजह के निराधार आरोप लगाए गए हैं।

मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने बताया कि कैराना सांसद इकरा हसन ने अभद्र व्यवहार की शिकायत की है। ज़िलाधिकारी को इस इस मामले की जाँच के आदेश दिए हैं। मामला जनप्रतिनिधि से जुड़ा होने के चलते मामले की जांच की जा रही है। सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ विनम्रता से पेश आने के निर्देश दिए गए हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts