सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस ने मादक पदार्थ निरोधक दल के साथ मिलकर नशा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करोड़ों रूपये की अफीम बरामद की है। पकडे गए तस्करों के पास से 10.077 किलोग्राम अफीम बरामदहुई है। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग एक करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है। पुलिस ने तस्करों के पास से चार मोबाइल फोन, 4,250 रुपये नकद और एक ट्रक भी जब्त किया है। ख़ास बात ये है कि नशा तस्कर टमाटर से भरे ट्रक में छिपाकर अफीम की तस्करी कर रहे थे।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस ने 2 अक्टूबर की देर शाम एक नाके के दौरान तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने देहरादून-यमुनानगर हाईवे पर ग्रैंड सेवन होटल से लगभग 100 कदम की दूरी पर खड़े ट्रक में छापा मार कर तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों तस्कर शातिर किस्म के हैं। नशे के सौदागरों ने अफीम को अपने कपड़ों के नीचे छिपाकर ट्रक में रखा हुआ था। जबकि ट्रक में 22 टन टमाटर लदे हुए थे और उसे पंजाब की जालंधर मंडी ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, उन्होंने पंजाब निवासी नसीब पुत्र दिलबारा सिंह, ज़िला खान पुत्र चांदकी खान और अरुण पुत्र मुन्नीलाल मंडल को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि अफीम मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के अनिल कुमार से लाई गई थी। आरोपी नसीब ने बताया कि उसने अपने सहयोगी ज़िला खान और अरुण के साथ मिलकर अनिल कुमार से अफीम खरीदी थी। उसने और उसके साथी ने उसे 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से देने का वादा किया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ज़िला खान ने बताया कि वह नसीब के साथ पहली बार आया था और अरुण को पहले से जानता था। वह अनिल को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता था। आरोपी अरुण ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात मंदसौर निवासी अनिल से ट्रक चालकों के ज़रिए हुई थी। उसे अनिल से अफीम लेकर पंजाब में जसवीर को देनी थी।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देहात थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद अफीम और ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पकड़ी गई अफीम की कीमत एक करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। तीनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


