सहारनपुर : अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच चल रही लड़ाई का असर होटलों के साथ साथ घरेलू रसोइयों पर भी देखने को मिल रहा है। जहां शहर के होटलों और रेस्टोरेंट में पाइपलाइन से गैस की सप्लाई बंद कर दी गई वहीं घरेलू गैस के लिए गैस एजेंसियों पर भीड़ लगी हुई है। गैस की किल्लत की अफवाहों के चलते सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइने लगी हुई हैं। किसी को गैस मंहगी होने का डर सता रहा है तो कोई गैस खत्म होने की संभावना जता रहा है। जबकि विभागीय अधिकारी जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति होने की बात कर रहे हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी का कहना है कि सहारनपुर में गैस की कोई दिक्कत नहीं है। गैस जमा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि जनपद सहारनपुर में प्रतिदिन 17,000 गैस सिलेंडर बुक होते हैं और लगभग इतनी ही खपत होती है। पश्चमी एशिया में चल रही कई देशों के बीच लड़ाई धीरे-धीरे कई सेक्टर पर असर डाल रही है। गैस सप्लाई में रुकावट से सबसे ज़्यादा असर होटलों और रेस्टोरेंट पर पड़ रहा है। शहर के कुछ इलाकों में होटलों और रेस्टोरेंट में पाइपलाइन से गैस की सप्लाई होती है। जिसको फिलहाल बंद कर दिया गया है साथ ही कॉमर्शियल सिलेंडर केवल अस्पतालों और स्कूलों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत पेट्रोलियम गैस के अधिकारियों ने कमर्शियल जगहों ( होटल, रेस्टुरेंट ) पर पाइपलाइन से गैस की सप्लाई रोकने का नोटिस जारी किया था। सोमवार को होटल-रेस्टुरेंट पर पाइप से गैस की सप्लाई बंद कर दी गई। वहीं सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी के लिए 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया। सरकारी की नई गाइड लाइन के बाद सहारनपुर के गैस उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। गैस खत्म होने की अफवाह के चलते हर कोई सिलेंडर भरवाने के लिए लाइन में लगा हुआ है। गैस एजेंसियों और गोदामों पर भीड़ जुटी हुई है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस किल्लत का मामला पांच साल बाद देखने को मिला है। ऑनलाइन गैस सिलेंडर बुक होता था लेकिन बुकिंग नंबर बीजी चल रहा है। जिसके चलते उन्हें एजेंसियों पर लाइन में लगना पड़ रहा है। उन्हें डर है कि कहीं तीन देशों की लड़ाई के चलते गैस सप्लाई बंद हो गई तो क्या होगा? लोग एडवांस में अपने सिलेंडर भरवाने के लिए लाइन में लगने को मजबूर हैं। वहीं जिला सप्लाई अधिकारी नीरज सिंह का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। स्टॉक रखने वालों पर नज़र रखी जा रही है।
गैस एजेंसियों और गोदामों की जांच के लिए टीमें बनाई गई हैं। लोगों से अपील है कि वे गैस का स्टॉक न करें, स्टॉक करने वालों के खिलाफ कार्यवाई की जायेगी। फिलहाल होटल और ढाबों पर गैस सप्लाई रोक दी गई है। सभी को शासन की नई गाइड लाइन का पालन करने को कहा गया है। उधर डीजल पेट्रोल भी भरपूर मात्रा में है किसी को स्टॉक लगाने की जरूरत नहीं है। आला अधिकारी गैस, डीजल और पेट्रोल पर निगरानी रखे हुए हैं। सुबह शाम स्टॉक की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि यह किसी ने अफवाह उड़ाई है इसलिए अफवाहों पर ध्यान ना दें।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


