सहारनपुर : फतवों की देवबंद में एक युवक को स्पाइडर-मैन का मुखौटा लगाकर रील बनाना महंगा पड़ गया। एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं के बीच अश्लील रील बनाने वाले यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गए युवक पर स्पाइडर-मैन बनने का ऐसा जुनून चढ़ा कि वह अपनी मर्यादा और सभ्यता को ही भूल बैठा। रील बनाने के चक्कर में आरोपी युवक स्पाइडर-मैन का मुखौटा लगाकर महिलाओं के पीछे अचानक पहुंच कूद कर डांस और अश्लील हरकतें करने लगता था। पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने 24 घंटे बाद ही युवक को गिरफ्तार कर उसके सर से स्पाइडर-मैन का भूत भी उतार दिया।
आपको बता दें कि थाना देवबंद इलाके के गांव बहादुरपुर निवासी बंटी पुत्र नेत्रपाल सोशल मीडिया पर रील बनाता है। खुद को वायरल करने के चक्कर मे बंटी न सिर्फ मर्यादा भूल गया बल्कि अश्लील रील बना सोशल मीडिया पर अपलोड करने लागा। पुलिस के मुताबिक बंटी स्पाइडरमैन का मुखौटा लगाकर राह चलती महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करते हुए रील बनाने लगा। वह कभी महिलाओं पर अश्लील फबतियां कसता और उनके साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर देता। बंटी की हरकतों से आसपास की महिलाएं और युवतियाँ तंग आ चुकी थी। जिसकी शिकायत एंटी रोमियो टीम को की गई।
रविवार की देर शाम एंटी रोमियो टीम ने गांव बहादुरपुर में महिलाओं पर फबतियां करते हुए रील बनाते बंटी को रंगे हाथ पकड लिया। थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी युवक के ख़िलाफ़ सबंधित धाराओं में मुक़दमा दर्ज कर लिया गया है। बंटी पुत्र नेत्रपाल स्पाइडरमैन का मुखौटा लगाकर वीडियो बनाता था। जिससे आने जाने महिलाओ को परेशानी होती थी। आरोपी के ख़िलाफ़ विधित कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है।

