सहारनपुर : स्मार्ट सिटी सहारनपुर को एक ओर अनोखी सौगात मिलने जा रही है। महानगर में आईएसबीटी की तर्ज पर बस अड्डा बनने जा रहा है। जिसके डिज़ाइन की पहली झलक सामने आई है। बस अड्डे के निर्माण पर 31.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसका प्रस्ताव भेजा जा चुका है। शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसके बाद यात्रियों को भटकना नहीं पड़ेगा। फिलहाल जिले में कोई स्थायी बस अड्डा नहीं है।
स्मार्ट सिटी में रोडवेज बसों का संचालन रेलवे रोड, दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी और महानगर के मानकमऊ से किया जा रहा है। परिवहन निगम के बेड़े में हर साल नई बसें जुड़ रही हैं। इस समय क्षेत्र के छह डिपो में 700 से अधिक बसें शामिल हैं। लंबे समय से स्थायी बस अड्डा बनाने की मांग की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रयास किए तो दिल्ली रोड स्थित आवास विकास के शाकुंभरी विहार में जमीन मिल गई। परिवहन निगम ने आवास विकास से जमीन भी खरीद ली है। दिल्ली रोड स्थित शाकंभरी विहार कॉलोनी में 8013.95 वर्ग मीटर में अंतरराज्यीय बस अड्डा बनाया जाएगा, जो आईएसबीटी की तर्ज पर बनाया जाएगा।
डिज़ाइन भी इसी के अनुरूप तैयार किया गया है। डिज़ाइन में बस अड्डे के मुख्य द्वार पर सहारनपुर आईएसबीटी लिखा है। इसके अलावा, अंदर जिलेवार बसें खड़ी होंगी। वहाँ जिले का नाम लिखा होगा। एक एसी प्रतीक्षालय भी होगा। स्थायी बस अड्डा न होने के कारण यात्री भटकते रहते हैं। जनमंच सभागार में जब कोई वीवीआईपी कार्यक्रम होता है, तो रेलवे रोड का बस अड्डा जेल चुंगी में स्थानांतरित कर दिया जाता है।
क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रेलवे रोड से देहरादून, हरिद्वार, मेरठ, अलीगढ़, आगरा की बसें उपलब्ध हैं, जबकि कांशीराम कॉलोनी से शामली, बागपत, दिल्ली की बसें संचालित होती हैं। मानकमऊ से नकुड़, गंगोह, यमुनानगर, अंबाला, लुधियाना के लिए बसें चलती हैं। जिले का बस अड्डा आईएसबीटी की तर्ज पर बनाया जाएगा। निर्माण पीपीपी मॉडल पर नहीं होगा। परिवहन निगम खुद निर्माण कराएगा। शासन स्तर पर प्रक्रिया चल रही है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


