कोहरे में तीन वाहनों की भिड़ंत में महिला की मौत, दो महिलाओं समेत आठ घायल

Car accident in Saharanpur

सहारनपुर : सहारनपुर के थाना नागल इलाके के टपरी मार्ग पर शुक्रवार को कोहरे का कहर देखने को मिला। घने कोहरे के चलते टेंपो समेत तीन वाहनों की भिड़ंत से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई जबकि दो महिलाओं समेत 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रोड़ के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। आनन-फानन में मौके पहुंची पुलिस सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।

Car accident in Saharanpur

आपको बता दें कि शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ था। थाना नागल इलाके के गांव सुभरी के पास घने कोहरे के कारण टेंपो और दो कार आपस में भिड़ गए। सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। प्रत्यक्ष दर्शियो ने बताया कि टेंपो सहारनपुर की ओर जा रहा था कोहरा होने के चलते एक डंपर ने साइड मार दी। डंपर की टक्कर से टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो में सवार आमकी दीपचंदपुर निवासी 38 वर्षीय पवित्रा, सुभरी निवासी सोनित और वसीम समेत 8 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पवित्रा को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

चश्मदीदों ने बताया कि इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्विफ्ट कार डंपर में जा टकराई। कार में सवार चालक आमकी दीपचंदपुर निवासी अनुज सहित देवबंद थाना क्षेत्र के गांव साखन निवासी मयंक कुमार मेरठ निवासी रिंपल, आमकी निवासी नीरू तथा बढेड़ी कोली निवासी जैनेंद्र और सचिन आर्य घायल हो गए। कार सवार सभी लोग अध्यापक बताए गए हैं जो पटनी स्थित डायट केंद्र में प्रशिक्षण के लिए जा रहे थे।

एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts