मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अलीगढ़ को दी 997 करोड़ रुपये की सौगात

CM Yogi In Varanasi

अलीगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अलीगढ़ को 997 करोड़ रुपये की सौगात दी। नुमाइश मैदान में आयोजित कार्यक्रम के मंच से सीएम ने 186 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अपनी सरकार की तारीफ की और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ अब विकास की नई पहचान बन रहा है। प्रदेश की छवि अब गुंडों और माफियाओं के राज्य से बदलकर मेडिकल, एम्स और डिफेंस हब की बन रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ में बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं पर लगातार काम हो रहा है। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अब आधुनिक शिक्षा का केंद्र बन गया है और यह आने वाली पीढ़ी के लिए उज्ज्वल भविष्य तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत अलीगढ़ का ताला उद्योग, हार्डवेयर और मूर्ति निर्माण क्षेत्र भी देश में अपनी पहचान बना रहा है।

बिना भेदभाव के हो रहे विकास कार्य: मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में अब बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य हो रहे हैं। 2017 से पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल था। लेकिन आज निवेश आ रहा है, युवाओं को रोजगार मिल रहा है और कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। उत्तर प्रदेश में रामराज्य का अनुभव हो रहा है। आम आदमी को रोटी, कपड़ा और मकान की व्यवस्था प्रदान की गई है और अब वह देश का नेतृत्व करने में भी सक्षम है।

अलीगढ़ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन: मुख्यमंत्री योगी ने डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि अब अलीगढ़ में ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन जैसे अत्याधुनिक रक्षा उपकरण बन रहे हैं। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की कल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अलीगढ़ को आत्मनिर्भर भारत अभियान से जोड़कर “लोकल फॉर वोकल” की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, विजयादशमी, दीपावली आदि पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की गई।

अलीगढ़ के 1344 युवा कांस्टेबल बने: मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में हुई 6244 पुलिस भर्तियों में से 1344 अभ्यर्थी अलीगढ़ के हैं। यह प्रदेश की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और योग्यता आधारित चयन प्रणाली का प्रमाण है। यूपी में जल्द ही 30,000 और पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में सीएम योगी ने जनता से 15 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और देशभक्ति का जज्बा प्रकट करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अगर आप 10 कदम चलेंगे तो सरकार आपके साथ 100 कदम चलेगी। वहीं, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि आज यूपी में अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुँच रही हैं। युवाओं को रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और आम लोगों के आत्मसम्मान को बढ़ावा दिया जा रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts