17 साल के नाबालिग बेटे ने अपनी दिव्यांग माँ को 4 दिन तक घर में बंद कर रखा भूखा प्यासी, पुलिस ने किया रेस्क्यू

कैथल : चंदाना गाँव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 17 साल के नाबालिग बेटे ने अपनी दिव्यांग माँ को 4 दिन तक घर में बंद रखा और गेट पर ताला लगा दिया। भूख-प्यास से तड़प रही महिला नैना देवी ने पड़ोसियों से खाना-पानी की गुहार लगाई, लेकिन बेटे की क्रूरता के कारण उसे कोई मदद नहीं मिल सकी। पड़ोसियों ने बताया कि महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी और वह अपनी सास से अलग रहती है।

पड़ोसियों की सूचना पर डायल 112 के ज़रिए पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। तितरम पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और गेट का ताला तोड़कर महिला को बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान नैना देवी बेहोश हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। महिला के अनुसार, उन्हें 9 दिन से खाना नहीं मिला था।

काँपती आवाज़ और नम आँखों से नैना देवी ने कहा, “मेरा बेटा मुझे घर में बंद करके चला गया। उसने मुझे न खाना दिया, न पानी, न दवा। वह रात में अपने दोस्तों के साथ शराब पीता है और मुझे डंडे से पीटता है। उसने मुझे 9 दिनों से खाना नहीं दिया है।” पड़ोसियों ने बताया कि वे महिला को गेट के नीचे से खाना देने की कोशिश करते थे, लेकिन बेटे ने 4-5 दिनों से गेट बंद कर रखा था। अगर कोई मदद करता भी था, तो वह गाली-गलौज करता था।

एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके परिजनों को बुलाकर उसकी काउंसलिंग की गई है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और महिला के बेटे के खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू कर दी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts