कावड़ यात्रा 2025 : जैसे-जैसे महाशिवरात्रि का पर्व नजदीक आ रहा है, कावड़ियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। पूरे उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में नाथो के नाथ भोलेनाथ की पूजा की जा रही है। शिवभक्त कावड़िये एक से बढ़कर एक कावड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

इसी दौरान सहारनपुर में एक ऐसी कावड़ पहुँची जो सभी के आकर्षण का केंद्र बन गई है। इस कावड़ को तिरंगा कावड़ नाम दिया गया है। जो 101 फीट लंबी है। शिवभक्त इस तिरंगा कावड़ को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सैन्यकर्मियों और नागरिकों को समर्पित कर रहे हैं।
आपको बता दें कि सावन का महीना आते ही देश भर से शिवभक्त कावड़िये कावड़ लेने के लिए हरिद्वार की ओर कूच कर जाते हैं। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के शिवभक्त अपने आराध्य देवों के देव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए हर की पौड़ी हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल भरकर शिव मंदिरों की ओर बढ़ रहे हैं।
हरिद्वार से जाने वाले सभी रास्ते शिव के रंग में रंगे हुए हैं और हर तरफ हर हर महादेव और बोल बम बोल बम के नारे गूंज रहे हैं। शिवभक्त तरह-तरह की कांवड़ में गंगाजल भरकर ला रहे हैं। तरह-तरह की झांकियां और सैकड़ों लीटर पानी से भरी भारी कांवड़ शहरवासियों और राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
इस बार कई कांवड़ भाईचारे का संदेश दे रही हैं तो कई कांवड़ सास-बहू और परिवार के बीच प्रेम को दर्शाती हैं। इसी बीच सहारनपुर के गांव हंगावली से शिवभक्त 101 फीट लंबी तिरंगा कांवड़ लेकर पहुंचे हैं। 101 फीट लंबी यह तिरंगा कांवड़ सभी को आकर्षित करने के साथ देशभक्ति का संदेश भी दे रही है। तिरंगा कावड़ लेकर 25 शिव भक्तों का जत्था जब सहारनपुर पहुंचा तो शहरवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

