ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद जब उन्होंने कार का गेट खोला तो हेड कांस्टेबल नशे में धुत मिला। उसकी कार से शराब की बोतल भी बरामद हुई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ को उग्र होते देख पुलिस ने हेड कांस्टेबल को हिरासत में ले लिया। हादसा बेहट चौराहे पर हुआ। मृतक राशिद बेहट थाना क्षेत्र के पठानपुरा जसमौर गाँव का रहने वाला था। वह मजदूरी करके घर चलाता था। राशिद के पाँच बच्चे हैं। परिवार के अनुसार, सबसे बड़े बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि चार बच्चे अभी अविवाहित हैं।
राशिद गुरुवार शाम साढ़े तीन बजे अपनी पत्नी मुन्नी के साथ बैंक के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब वे दोनों बेहट चौराहे पर पहुँचे, तो लगभग 70 किमी/घंटा की गति से आ रही एक अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी 10 फीट दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा भी टूट गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हेड कांस्टेबल आकाश नशे में था। पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर पति-पत्नी को सीएचसी भेजा। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात 11 बजे इलाज के दौरान राशिद की मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जाँच में पता चला है कि कार नानौता थाने में तैनात इंस्पेक्टर रामेश्वर तोमर की है। हेड कांस्टेबल आकाश थाने से इंस्पेक्टर को रिसीव करने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि कार चला रहा हेड कांस्टेबल बेहट डायल 112 में तैनात है। उसे हिरासत में ले लिया गया है। हादसे के बाद कुछ लोग थाने पहुँचे और हेड कांस्टेबल पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगाया। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, लेकिन रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई।

