देहरादून : पीएम मोदी को आज उत्तराखंड के आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करना था। इसके लिए पीएम मोदी देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। इसी बीच मौसम खराब हो गया। जिसके चलते पीएम मोदी का आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण रद्द करना पड़ा। पीएम मोदी को उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी और पौड़ी का हवाई निरीक्षण करना था। हवाई दौरा रद्द होने के बाद पीएम मोदी ने सीएम धामी से आपदा प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान की जानकारी ली। साथ ही, पीएम मोदी ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की।
बता दें कि इस साल उत्तराखंड के कई जिलों में आपदा आई है। सबसे पहले, 5 अगस्त को उत्तरकाशी ज़िले के धराली स्थित खीरगंगा गाड़ से आपदा आई। खीरगंगा में आई बाढ़ अपने साथ विशाल चट्टानें, पेड़ और मलबा लेकर आई। मलबे और बाढ़ ने धराली गाँव और आसपास के इलाकों को तहस-नहस कर दिया। धराली बाज़ार के सभी होटल, दुकानें और घर मलबे में दब गए। यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी कि धराली बाज़ार पूरी तरह से तबाह हो गया। बड़ी संख्या में लापता लोग अभी भी लापता हैं।
6 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल ज़िले में भी आपदा आई। भारी बारिश के कारण पौड़ी तहसील के ग्राम सैंजी, पट्टी बाली कंडारस्यूं और ग्राम रैदुल, पट्टी पैडुलस्यूं में भूस्खलन हुआ। इस प्राकृतिक आपदा में कई आवासीय भवन नष्ट हो गए। कृषि भूमि को भी भारी नुकसान हुआ। पौड़ी आपदा में कई लोग लापता भी हुए, जिनका अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस दौरान पीएम मोदी ने आपदा पीड़ितों से बात की। जिसमें पीएम मोदी ने उनकी स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। पीएम मोदी ने आपदा पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान सीएम धामी भी पीएम मोदी के साथ मौजूद रहे।
इसके बाद 23 अगस्त को चमोली ज़िले के थराली में प्राकृतिक आपदा आई। कोटदीप, राड़ीबाग, अपर बाज़ार, कुलसारी, चेपडो, सागवाड़ा और थराली के अन्य हिस्सों में भारी बारिश और भूस्खलन से काफ़ी नुकसान हुआ। भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से एक युवती की मौत हो गई। एक व्यक्ति लापता हो गया। थराली में कई दिनों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ख़ुद थराली पहुँचे।
उत्तराखंड में बारिश और आपदा से राज्य को काफ़ी आर्थिक नुकसान हुआ है। जिसे देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से ₹5702 करोड़ के आर्थिक पैकेज की मांग की है। इसके लिए गृह मंत्रालय को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है। जिसमें राज्य के आर्थिक नुकसान की पूरी रिपोर्ट है। केंद्र सरकार की एक टीम भी नुकसान का जायज़ा लेकर लौट आई है। अब पीएम मोदी आपदा प्रभावित इलाकों की जानकारी ले रहे हैं। जिसके बाद राज्य को बड़ी आर्थिक मदद की उम्मीद है।

