देहरादून : सहस्रधारा क्षेत्र में सोमवार देर रात बादल फटने से बड़े पैमाने पर नुकसान की सूचना है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, मुख्य बाज़ार में मलबे के कारण दो से तीन बड़े होटल और कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कार्डीगाड़ के ग्राम प्रधान राकेश जवाड़ी ने अमर उजाला को बताया कि यह घटना रात करीब 11:30 बजे हुई। कार्डीगाड़ में बादल फटने के बाद मुख्य बाज़ार में बड़े पैमाने पर मलबा आ गया। इससे दो से तीन बड़े होटल क्षतिग्रस्त हो गए जबकि एक बाज़ार में बनी करीब 7 से 8 दुकानें ढह गईं।

उन्होंने बताया कि वहाँ करीब 100 लोग फँस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया। उन्होंने बताया कि एक से दो लोगों के लापता होने की भी सूचना है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है, हालाँकि उनकी तलाश की जा रही है। वहीं, आपदा नियंत्रण कक्ष से रात दो बजे सूचना मिली कि एसडीआरएफ और अग्निशमन दल को मौके पर रवाना कर दिया गया है, लेकिन रास्ते में अधिक मलबा होने के कारण टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। बताया गया कि लोक निर्माण विभाग की जेसीबी ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खोलना शुरू कर दिया है। उधर, तमसा नदी उफान पर आ गई है। टपकेश्वर मंदिर में शिवलिंग तक डूब गया है। मंदिर परिसर को खाली करा दिया गया है।

सोमवार देर रात मसूरी के झड़ीपानी में भारी बारिश के कारण मजदूरों के आवास के ऊपर मलबा आ गया। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे और घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया। शहर कोतवाल संतोष कुंवर ने बताया कि बारिश का पानी और मलबा मजदूरों के कच्चे आवास के ऊपर आ गया था। इससे मलबे में दबकर एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया, घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। अन्य को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहस्त्रधारा में बादल फटने की घटना पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि देर रात देहरादून के सहस्त्रधारा में भारी बारिश के कारण कुछ दुकानों के क्षतिग्रस्त होने का दुखद समाचार मिला है। ज़िला प्रशासन, एसडीआरएफ़, पुलिस मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। इस संबंध में मैं लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूँ और स्वयं स्थिति पर नज़र रख रहा हूँ। ईश्वर से सभी की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूँ।

