सहारनपुर : सहारनपुर जिले में बड़ी मात्रा में कोडीन वाले कफ सिरप बेचने का मामला सामने आया है। ड्रग इंस्पेक्टर की जांच में पता चला कि VS फार्मा के संचालक ने बिना बिल या रिकॉर्ड के 15,450 कोडीन वाले कफ सिरप बेचे। ये सिरप गाजियाबाद से खरीदे गए थे। ड्रग इंस्पेक्टर ने बेहट थाने में FIR दर्ज कराई है। कोडीन वाले कफ सिरप को लेकर पूरे प्रदेश में जांच चल रही है।
पंकज को नोटिस देकर दवा की बिक्री का रिकॉर्ड मांगा गया। आज तक पंकज ने कोडीन वाली कफ सिरप की खरीद-बिक्री का कोई रिकॉर्ड नहीं दिया, न ही कोई बिल दिया। इससे ड्रग इंस्पेक्टर को शक हुआ। जांच में पता चला कि VS फार्मा ने कैडिज लाइफसाइंस, साहिबाबाद, गाजियाबाद से कोडीन वाली कफ सिरप की 15,450 शीशियां खरीदी थीं। ये बोतलें अलग-अलग बैच नंबर की थीं। ड्रग इंस्पेक्टर ने अब VS फार्मा के संचालक पंकज शर्मा के खिलाफ बेहट थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
VS फार्मा संचालक के पास होलसेल दवा का लाइसेंस है। डिपार्टमेंटल जांच में यह भी पता चला कि जिले से उत्तराखंड और हरियाणा के अलग-अलग जिलों में कोडीन वाली कफ सिरप सप्लाई की जाती थी। संचालक ने बिक्री के बिल, स्टॉक रजिस्टर या रिकॉर्ड जमा नहीं किए। रिपोर्ट में कहा गया है कि कोडीन एक नशीली दवा है और इसका इस्तेमाल सिर्फ डॉक्टर की पर्ची पर किया जाता है। ड्रग इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह ने खान मार्केट में एक एजेंसी का लाइसेंस रद्द कर दिया, क्योंकि वह कोडीन वाली कफ सिरप का रिकॉर्ड नहीं दे पाई थी। इसके बाद, लखनऊ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एजेंसी पर छापा मारा और दो भाइयों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद से जिले में लगातार जांच चल रही है।

