सहारनपुर : भाजपा नेता योगेश रोहिला ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को गोली मार दी थी। पुलिस ने चार्जशीट पेश करते हुए 20 गवाहों और सबूतों का जिक्र किया है। साथ ही जल्द सजा दिलाने के लिए मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की है।

बता दें कि सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा में दिल दहला देने वाले चौहरे हत्याकांड में अपनी जांच पूरी करते हुए पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता योगेश रोहिला के खिलाफ कोर्ट में 150 पन्नों से ज्यादा की चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह हत्याकांड उत्तर प्रदेश के हालिया इतिहास में सबसे वीभत्स पारिवारिक हत्याकांडों में से एक माना जा रहा है, जिसमें एक व्यक्ति ने न सिर्फ अपनी पत्नी बल्कि अपने तीन मासूम बच्चों को भी गोली मारकर बेरहमी से मार डाला था।

पत्नी नेहा, बेटी श्रद्धा, बेटे देवांश व शिवांश की हत्या के आरोपी भाजपा नेता योगेश रोहिला के खिलाफ दाखिल चार्जशीट में करीब 20 महत्वपूर्ण गवाहों के बयान, फोरेंसिक साक्ष्य, हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी, मृतकों के शवों से बरामद गोलियों व पिस्तौल का मिलान व अन्य तकनीकी साक्ष्य शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने चार्जशीट में बताया है कि आरोपी योगेश रोहिला ने हत्या से पहले मानसिक असंतुलन का बहाना बनाना शुरू कर दिया था, ताकि वह कोर्ट में खुद को निर्दोष साबित कर सके, लेकिन जांच में साबित हो गया कि यह पूरी योजना पहले से बनी हुई थी और मानसिक तनाव की कहानी महज बचाव की रणनीति थी।
चार्जशीट में इस बात का विशेष तौर पर जिक्र है कि योगेश रोहिला राजनीति में बड़ी भूमिका चाहता था। उसे लगने लगा था कि उसका परिवार उसके राजनीतिक करियर में बाधा बन रहा है। इसी उलझन में उसने यह जघन्य साजिश रची। पुलिस ने इसे राजनीतिक मानसिक बीमारी का कृत्य माना है। मामले की गंभीरता व समाज पर इसके विपरीत प्रभाव को देखते हुए पुलिस विभाग ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की सिफारिश की है। अधिकारियों का कहना है कि योगेश रोहिला को सख्त से सख्त सजा दिलाना कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। पुलिस अब उसे न्याय के कठघरे में लाने के लिए पुरजोर पैरवी करेगी।
पुलिस उसका केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की भी सिफारिश करेगी। गौरतलब है कि गंगोह के सांगाठेड़ा गांव निवासी भाजपा नेता योगेश रोहिला ने 22 मार्च को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी नेहा, बेटी श्रद्धा और बेटे देवांश व शिवांश के सिर में गोली मार दी थी। अपने ही घर में पूरे परिवार की हत्या करने के बाद उसने पुलिस को फोन कर कहा कि मैंने अपनी पत्नी और बच्चों को मार दिया है, आकर उन्हें उठा लो। इसके बाद पुलिस ने उसे हत्या में प्रयुक्त हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

