बुलंदशहर : बुलंदशहर में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। एनएच 34 पर अरनिया क्षेत्र के घटाल गांव के पास एक कंटेनर ने ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर ट्रॉली श्रद्धालुओं से भरी थी। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। डीएम, एसएसपी समेत जिले के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस टीम घायलों को अस्पताल भेज रही है। बताया जा रहा है कि सभी ट्रैक्टर से राजस्थान के गोगामड़ी जा रहे थे। सभी जाहरवीर की धार्मिक यात्रा पर गए थे। वहीं, प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही सीएम ने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज कराने के निर्देश भी दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसा बीती रात करीब डेढ़ बजे हुआ। अलीगढ़ बॉर्डर एनएच 34 पर करीब 60-65 लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर कासगंज जिले से राजस्थान जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को ट्रैक्टर से निकालना शुरू किया। पुलिस घायलों को अस्पताल भेज रही है। 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिले के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह और डीएम भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस टीम दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को मौके से हटा रही है। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कैलाश खुर्जा, सीएचसी जटिया और सीएचसी मुनि अस्पताल भेजा। इनमें से गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल 10 घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ और 10 घायलों का जिला अस्पताल बुलंदशहर में और अन्य 23 घायलों का इलाज कैलाश अस्पताल खुर्जा में चल रहा है। घायलों में 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य की हालत सामान्य हो रही है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक हरियाणा में पंजीकृत है। ट्रक धान की भूसी ले जा रहा था। इस बीच, मेरठ के मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद और पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी श्रुति और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने कैलाश अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना। हादसे में रघुवीर, हरिसिंह, प्रिंस, मूलचंद, दिव्या, शकुंतला, पातीराम, मुस्कान समेत करीब 50 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 39 को गंभीर चोटें आई हैं। इन सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

