कुशीनगर : जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नगर पंचायत सुकरौली स्थित एपीएस स्कूल के बगल में किराए के मकान में रहने वाली 25 वर्षीय महिला रंभा का सिर कटा शव बुधवार को बरामद हुआ। महिला के साथ उसका एक साल का बेटा भी रहता था।
घटना का पता तब चला जब महिला की बहन की बेटी घर में दाखिल हुई। उसने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर रंभा का सिर कटा शव मिला। शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रंभा का मायका गोरखपुर जिले के चौरीचौरा क्षेत्र के गहिरा गांव में है।
परिजनों के अनुसार रंभा के पति गोविंद की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी महराजगंज में रहती है। उसकी पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है। पुलिस टीम आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की कोशिश कर रही है। पुलिस गोविंद की भूमिका की भी जाँच करेगी। उसके आने पर उससे पूछताछ की जाएगी। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

