बाइक के साइलेंसर से तेज़ आवाज़ का विरोध करने पर युवक पर तलवार से हमला, जमकर पथराव

Saharanpur News

सहारनपुर : थाना नकुड़ क्षेत्र के गाँव रनियाला दयालपुर में रविवार शाम दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर न सिर्फ़ कहासुनी हुई, बल्कि कहासुनी मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने तलवार से हमला कर दिया और दूसरे युवक ने पथराव शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अरुण नाम का युवक बाइक से साइलेंसर हटाकर गलियों में तेज़ आवाज़ के साथ बाइक चलाता रहता है, जब अंशुल ने उसे ऐसा करने से रोका तो उसने तलवार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अंशुल के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

बता दें कि रनियाला दयालपुर निवासी अंशुल गाँव में ही किराना की दुकान चलाता है। रविवार शाम वह अपनी दुकान पर बैठा था। इसी बीच अरुण नाम का एक युवक अपनी बाइक से तेज आवाज करता हुआ वहां से गुजरा। ग्रामीणों के अनुसार अरुण ने बाइक का साइलेंसर निकाल रखा था और तेज आवाज करते हुए सड़क से गुजर रहा था। तेज आवाज से परेशान होकर अंशुल ने उसका विरोध किया, लेकिन अरुण को यह सब पसंद नहीं आया। ग्रामीणों ने बताया कि अंशुल के टोकने पर अरुण को गुस्सा आ गया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि अरुण गुस्से में आकर अपने घर से तलवार ले आया और अंशुल पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अंशुल के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं, मौके पर मौजूद एक अन्य युवक ने हाथों से पथराव शुरू कर दिया। जिससे गांव के लोगों में भगदड़ मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आस-पास खड़े लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व अक्सर गांव का माहौल खराब करते हैं और समय रहते उन पर कार्रवाई नहीं की जाती। इस वजह से अब लोगों में गुस्सा है।

घटना के बाद पीड़ित के घर पर भीड़ जमा हो गई और परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही चौकी अंबेहटा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल अंशुल को अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

एसपी ग्रामीण सागर जैन ने बताया कि गांव रनियाला दयालपुर में दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी ग्रामीण का कहना है कि दुकान से उधार लिए पैसों को लेकर यह विवाद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts