ज्वेलरी शॉप पर बुर्का बैन पर भड़के देवबंदी उलेमा, बोले- बुर्का पहनने पर रोक लगाने वाली दुकानों का बहिष्कार करें मुस्लिम महिलाएं

Ulema on Dhirendra Shastri

सहारनपुर : हाल ही में झांसी और झारखंड के कुछ हिस्सों में कुछ ज्वेलरी की दुकानों पर बैनर लगाए गए हैं, जिनमें घूंघट या बुर्का पहनने वाली महिलाओं के दुकान में घुसने और खरीदारी करने पर रोक लगाने की घोषणा की गई है। इस घटना से सामाजिक और धार्मिक गलियारों में आक्रोश बना हुआ है। देवबंदी उलेमाओं ने जहां बुर्का पहनने को इस्लाम में जरूरी बताया है वहीं मुस्लिम महिलाओं से बुर्का बैन करने वाली ज्वेलरी शॉप का बहिष्कार करने की अपील की है। जमीयत दावतुल मुस्लिमीन के संरक्षक और जाने-माने देवबंदी विद्वान मौलाना कारी इशाक गोरा ने बयान जारी कर इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस फैसले को तानाशाही सोच का नतीजा और महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला करार दिया है।

प्रसिद्ध उलेमा मौलाना कारी इशाक गोरा ने कहा कि एक तरफ समाज में महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात होती है, वहीं दूसरी तरफ उन्हें ऐसी पाबंदियों का सामना करना पड़ रहा है। यह रवैया साफ तौर पर पाखंड दिखाता है और इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने साफ किया कि घूंघट, बुर्का या पर्दा किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों की महिलाएं सदियों से अपने-अपने तरीके से पर्दा करती आ रही हैं। इसलिए, किसी खास पहचान को निशाना बनाना न सिर्फ गलत है, बल्कि सामाजिक सद्भाव के भी खिलाफ है।

मौलाना ने अपनी माताओं और बहनों से अपील की कि वे ऐसे संकीर्ण सोच वाले दुकानदारों का सामाजिक और आर्थिक बहिष्कार करें और उन दुकानों से खरीदारी न करें जो महिलाओं का सम्मान नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि जब ऐसे दुकानदारों को सामाजिक नतीजे भुगतने पड़ेंगे, तभी उनकी सोच बदलेगी। यह भी मांग की कि सरकार और प्रशासन ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा अपमानजनक और भेदभावपूर्ण कदम उठाने की हिम्मत न करे। यह महिलाओं की आज़ादी का मामला नहीं है, बल्कि एक खास धर्म की महिलाओं को जानबूझकर निशाना बनाने का मामला है, जिसे किसी भी हालत में सही नहीं ठहराया जा सकता।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts