कानपुर सेंट्रल स्टेशन के RPF इंचार्ज एस.एन. पाटीदार के अनुसार, दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर विक्रमशिला एक्सप्रेस में बच्चे को किडनैप करने के आरोपी की तलाश की गई। तलाश के दौरान, उसके हुलिए और फोटो के आधार पर बिहार के रहने वाले हेमंत कुमार को बच्चे के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान हेमंत ने बताया कि वह शुक्रवार को अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड से मिलने बिहार से दिल्ली आया था। उसने उसे अपने साथ बिहार चलने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद हेमंत महिला के एक साल के बच्चे को खिलौना दिलाने के बहाने ले गया। महिला ने दिल्ली में हेमंत के खिलाफ किडनैपिंग की FIR दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और उसके मोबाइल फोन लोकेशन से उसे ट्रैक किया।
RPF इंचार्ज एस.एन. पाटीदार ने बताया कि बच्चे के सुरक्षित मिलने की जानकारी दिल्ली पुलिस और बच्चे के परिवार को दी गई। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस और बच्चे का परिवार कानपुर पहुंचा। RPF टीम ने बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया। आरोपी हेमंत को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

