मथुरा : आगरा-दिल्ली हाईवे पर मंगलवार रात एक बड़ी लूट की वारदात हुई। बदमाशों ने आगरा से मथुरा लौट रहे एक व्यापारी से 77 किलो चांदी लूट ली और फरार हो गए। चांदी की कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। घटना के बाद डीआईजी रेंज आगरा और एसएसपी मौके पर पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की जाँच जारी है। लूट की यह वारदात मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में हुई।
डीआईजी आगरा रेंज शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि लूट की वारदात फरह थाना क्षेत्र में हुई। मथुरा निवासी हरिओम सोनी चांदी का कारोबार करते हैं। वह आगरा गए थे और वहाँ से चांदी लेकर मथुरा लौट रहे थे। उनके साथ उनके दो बेटे भी थे। कार चालक चला रहा था। फरह थाना क्षेत्र के भीम नगर पुलिया के पास नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर लिया। बदमाश एक बोलेरो कार और एक बाइक पर सवार थे।
ओवरटेक करने के बाद बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर चालक को नीचे उतार दिया। फिर वे उसकी कार को ग्रामीण क्षेत्र की सड़क पर ले गए। वहां दोनों लड़कों को नीचे उतारा गया और उन्होंने व्यापारी हरिओम सोनी का चांदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। बदमाशों ने बैग से चांदी निकालकर वहीं फेंक दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुँच गईं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुँचकर जाँच की। व्यापारी के अनुसार, लूटी गई चांदी लगभग 77 किलो है। बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

