रायबरेली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुँचे, तो जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वहीं, प्रदेश सरकार के उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हरचंदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पोस्टर बैनर लेकर राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाए। इससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली की हरचंदपुर विधानसभा सीट पर बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पहले हमें लगता था कि चुनाव नतीजों में कुछ गड़बड़ है, लेकिन महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव नतीजे देखने के बाद हमें वोट चोरी के काले और सफेद सबूत मिले।

इससे पहले राहुल गांधी बुधवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पहुँचे जहाँ उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना राहुल गांधी की अगवानी करने एयरपोर्ट पहुँचीं। जहाँ से राहुल गांधी रायबरेली के लिए रवाना हुए। वह जिले की सीमा पर स्थित चुरुवा मंदिर पर नहीं रुके। उनका काफिला हरचंदपुर की ओर बढ़ गया। राहुल गांधी जब सुबह 10:40 बजे बछरावां कस्बे के मुख्य चौराहे पर पहुँचे, तो वहाँ मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और बिहार में मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान दिए गए उनके नारे ‘वोट चोर गड्डी छोड़’ का नारा लगाया।
भाजपा कार्यकर्ताओं और उद्यान मंत्री ने हाईवे पर खड़े होकर राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाकर विरोध जताया। उद्यान मंत्री ने पहली बार सांसद का खुलकर विरोध किया है। ऐसे में 11 सितंबर को होने वाली दिशा की बैठक में हंगामे की आशंका बढ़ गई है। पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें हटाने की कोशिश की तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। सांसद राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के दौरान शहर में लगा एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्यकर्ताओं ने पोस्टर के माध्यम से राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव को कलयुग के भगवान बताया है। होर्डिंग पर राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव के फोटो लगाकर लिखा है, भारत की आखिरी उम्मीद, कलियुग के ब्रह्मा, विष्णु, महेश। जिससे हिन्दू संगठनों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।

