सहारनपुर : आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भीम आर्मी संस्थापक और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के मेरठ जाने की सुचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में एसपी ग्रामीण सागर जैन और कई थानों की पुलिस चंद्रशेखर के आवास पर पहुँची। हालांकि एलआईयू के अधिकारी भी पहले से ही डेरा डाले हुए थे। जो पल-पल की गतिविधियों पर निगरानी कर रहे थे। बावजूद इसके सहारनपुर पुलिस चंद्रशेखर को मेरठ जाने से नहीं रोक पाई। हालांकि पुलिस ने चंद्रशेखर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहे और मेरठ जेल पहुँच गए।

आपको बता दें कि दो दिन पहले आज़ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी को मेरठ के दादरी मंडोरा इलाके में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। सांसद चंद्रशेखर आज़ाद गुरुवार को रविंद्र भाटी से मिलने मेरठ जेल जाने वाले थे। आज़ाद समाज पार्टी ने अपने फेसबुक पेज पर मेरठ जाने की जानकारी को पोस्ट किया था। जिसके बाद थाना फतेहपुर पुलिस आधी रात से ही सांसद के हरिजन कॉलोनी स्थित आवास के बाहर डेरा डाले हुए थी।
सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि उन्हें हिरासत में लिए जाने का डर नहीं है और वे किसी भी हालत में मेरठ जाएँगे। इस बीच, सांसद के आवास पर पुलिस की मौजूदगी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक इकट्ठा हो गए। भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन, बसपा जिलाध्यक्ष सचिन खुराना, भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित राज गौतम, काशी मौर्य, कानूनी सलाहकार संदीप काम्बोज और प्रदेश सचिव सचिन एडवोकेट मौजूद थे।

