बहराइच : बहराइच ज़िले में किसानों को हो रही खाद की कमी के खिलाफ प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने ज़िला मुख्यालय पर ज़ोरदार प्रदर्शन किया और खाद की आपूर्ति की मांग को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। किसानों के लिए प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि सरकार की कथनी और करनी में फ़र्क़ साफ़ दिखाई दे रहा है कि किसानों को लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल रही है।
एक तरफ़ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का कहना है कि सभी ज़िलों में खाद की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ़ सभी क्रय केंद्रों पर किसानों की भारी भीड़ देखी जा रही है, जिसमें पुरुष और महिला किसान घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं पा रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने खाद की कमी के खिलाफ़ विशाल प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी तरफ़, भाजपा किसान मोर्चा के ज़िला अध्यक्ष ने किसानों की परेशानी को देखते हुए अपने सभी पदों से इस्तीफ़ा दे दिया।
इस्तीफा देने के बाद जितेंद्र प्रताप सिंह जीतू ने कहा कि आज किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं और सत्ताधारी दल में किसान मोर्चा के पद पर होने के बावजूद हम किसानों की मदद नहीं कर पा रहे हैं। अन्नदाता किसान खाद के लिए लाइन में खड़ा है और पुलिस की लाठियां खा रहा है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। यही वजह है कि हम अपने नैतिक कर्तव्यों का पालन न कर पाने के कारण भाजपा से इस्तीफा दे रहे हैं।

