गाजियाबाद : यूपी के गाजियाबाद में लोनी कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली 23 वर्षीय मानसिक रूप से विक्षिप्त लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। आरोपी लड़की को जंगल में ले गए थे। लड़की बोल और सुन नहीं सकती। पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बेटी केवल 30 प्रतिशत ही बोल और सुन सकती है। मंगलवार को उसकी बेटी टहलने के लिए घर से निकली थी। जब वह कुछ देर बाद भी घर नहीं पहुँची, तो परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। किसी व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उनकी बेटी कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव के जंगल में है। सूचना मिलने पर पिता मौके पर पहुँचे। उन्होंने देखा कि उनकी बेटी की हालत ठीक नहीं थी। बेटी ने इशारों में बताया कि कुछ लोगों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया है।
बेटी ने वह जगह भी दिखाई जहाँ बलात्कार हुआ था। इसके बाद परिजन बेटी को लोनी पुलिस के पास ले गए। पुलिस ने पिता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि लड़की ठीक से बोल नहीं पा रही है। विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए एक टीम गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

