सहारनपुर में दो मुस्लिम बहनों के निकाह पर विवाद, दूल्हों के हिंदू नामों पर विरोध; मंडप मालिक को धमकी का आरोप

Marriage Controversy Saharanpur

सहारनपुर : शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, कार्ड छप गए थे और परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन दूल्हों के नाम को लेकर उठे विवाद ने दो बहनों के निकाह को अचानक तनाव के बीच ला खड़ा किया। सहारनपुर में दो मुस्लिम बहनों के निकाह को लेकर कथित विरोध और धमकियों का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूल्हों के हिंदू नाम होने पर कुछ लोग शादी का विरोध कर रहे हैं। इतना ही नहीं, निकाह के लिए बुक किए गए विवाह मंडप के मालिक को फोन कर कार्यक्रम रद्द करने का दबाव बनाने और शादी के दिन हंगामा कराने की धमकी भी दी गई। इसके बाद दोनों बहनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

मामला सहारनपुर के मोहल्ला अनारकली का है। यहां रहने वाली दो सगी बहनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके माता-पिता ने दोनों का रिश्ता दो सगे भाइयों से तय किया है। दोनों युवक मुस्लिम हैं, लेकिन उनके परिवार में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। दोनों परिवारों की सहमति से निकाह की तारीख 12 नवंबर निर्धारित की गई थी। इसके लिए मोहल्ला मोहम्मद गौरी स्थित बड़े कब्रिस्तान के पास एक विवाह मंडप भी बुक कराया गया था।

दूल्हों के नाम को लेकर शुरू हुआ विरोध

शिकायत के मुताबिक, निकाह की तैयारियां आगे बढ़ने के साथ ही दूल्हों के नाम को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जतानी शुरू कर दी। बहनों का आरोप है कि कुछ लोग उनके रिश्ते का विरोध कर रहे हैं और शादी में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। परिवारों की सहमति से तय हुए इस रिश्ते को लेकर विवाद बढ़ने से दोनों परिवारों की चिंता भी बढ़ गई है।

मंडप मालिक को फोन कर धमकाने का आरोप

बहनों ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने विवाह मंडप के मालिक को फोन कर निकाह का कार्यक्रम रद्द करने का दबाव बनाया। साथ ही शादी के दिन मंडप में हंगामा कराने की धमकी भी दी गई। कथित धमकी के बाद मंडप मालिक समारोह आयोजित कराने को लेकर असमंजस में पड़ गया, जिससे दोनों परिवारों की परेशानियां बढ़ गईं। शादी के कार्ड छप चुके हैं और रिश्तेदारों को निमंत्रण भी दिया जा चुका है। निकाह का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

पुलिस से मांगी सुरक्षा

दोनों बहनों ने पुलिस से मांग की है कि 12 नवंबर को निकाह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की जाए। साथ ही मंडप मालिक को धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि दोनों बहनों की शिकायत प्राप्त हुई है।

पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विवाह मंडप मालिक को किए गए कथित धमकी भरे फोन की भी जांच कराई जाएगी। अब दोनों परिवारों को पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था से उम्मीद है कि निर्धारित तारीख पर निकाह बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकेगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts