सहारनपुर : महानगर सहारनपुर की नदीम कॉलोनी में घूघाल मेला चौक के पास मंगलवार सुबह एक लकड़ी के कारखाने में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को कारखाने के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से लाखों रुपये का सामान जलकर क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब सात बजे थाना कुतुबशेर क्षेत्र के नदीम कॉलोनी स्थित लकड़ी के कारखाने में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही अंबाला रोड और बेहट रोड फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए होज पाइप के माध्यम से पानी की बौछार शुरू कर दी।
कारखाने में लकड़ियों और अन्य सामान के बीच आग फैल चुकी थी। ऐसे में आग बुझाने के दौरान अग्निशमन कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कर्मचारियों ने लकड़ियों को हटाकर और उन्हें कुरेदकर अंदर तक सुलग रही आग को बुझाया। लगातार प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आरा मशीन के टूल्स और लकड़ी का सामान जला
इस अग्निकांड में आरा मशीन के टूल्स, टायर, रेहड़ा, लकड़ी के फट्टे और स्क्रैप के पुर्जे आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। आग से कारखाने में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन अभी स्पष्ट नहीं है।
राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया। इससे कारखाने के अन्य हिस्सों और वहां रखे अतिरिक्त सामान को सुरक्षित बचा लिया गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के क्षेत्र में भी बड़ा नुकसान हो सकता था।
दमकल विभाग की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया था। कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका और पूरी तरह बुझा दिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

