सहारनपुर : अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान शासन के विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्तक़ी भारत यात्रा आ रहे हैं। इस दौरान मुत्तक़ी सहारनपुर के कस्बा देवबंद में भी आएंगे। 11 अक्टूबर को मुत्तक़ी विश्व विखयात इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारुल उलूम का भ्रमण करेंगे और दारुल उलूम प्रबंधन से मुलाक़ात करेंगे। उनके दौरे की सूचना मिलते ही दारुल उलूम प्रबंधन तैयारियों में जुट गया है। वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम कर दिए हैं और ख़ुफ़िया वि भाग भी हाई अलर्ट पर हैं।

आपको बता दें कि अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान शासन की स्थापना के बाद पहली बार विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्तक़ी भारत यात्रा पर आ रहें हैं। दारुल उलूम देवबंद को उनके आने के जानकारी मिली है। विदेश मंत्री मुत्तक़ी 11 अक्टूबर को देवबंद पहुँचेंगे और इस्लामी शिक्षा के विश्व प्रसिद्ध केंद्र दारुल उलूम का दौरा करेंगे। दारुल उलूम प्रबंधन ने उनके स्वागत की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। संस्थान में सफ़ाई और सुधार कार्य शुरू हो गया है, और उनके स्वागत के लिए बैनर तैयार किए जा रहे हैं। मुत्तकी के स्वागत के लिए परिसर स्थित विशाल गोलाकार पुस्तकालय में एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया है।
दारुल उलूम के दौरे को लेकर पुलिस और खुफिया अधिकारी संस्थान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। मोहतमिम कार्यालय के प्रभारी मुफ्ती रिहान उस्मानी ने तालिबान के विदेश मंत्री अमीर मुत्तकी के दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि विदेश मंत्री 11 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे दारुल उलूम पहुँचेंगे। उनके स्वागत की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ अफ़ग़ान छात्र दारुल उलूम और देवबंद के अन्य मदरसों में भी पढ़ रहे हैं। अमीर ख़ान मुत्तकी उनसे भी मिल सकते हैं। देवबंद मदरसे के बाद वह ताजमहल का भी दीदार करेंगे। तालिबान शासन के बाद से अफ़ग़ान विदेश मंत्री मौलवी अमीर ख़ान मुत्तकी की यह पहली भारत यात्रा है। वह छह दिवसीय यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल से मुलाकात करेंगे, जिसे भारत-तालिबान संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

