लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी में सीबी-सीआईडी में तैनात एएसपी मुकेश प्रताप सिंह की पत्नी का शव बुधवार को पुलिस लाइन स्थित उनके आवास पर मिला। इस घटना को आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुँची और कमरे से अहम सबूत जुटाए। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन, एक डायरी और अन्य निजी सामान जाँच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। हालाँकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश प्रताप सिंह वर्तमान में यूपी पुलिस में सीबी-सीआईडी लखनऊ में तैनात हैं और वह अपने परिवार के साथ पुलिस लाइन में रहते हैं। बुधवार को जब काफी देर तक मुकेश प्रताप की पत्नी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा तोड़ने पर शव वहाँ पड़ा मिला, जिसे देखकर परिवार के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँच गए। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जाँच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह पारिवारिक तनाव के कारण आत्महत्या है या किसी और वजह से।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य) ममता रानी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की गहन जाँच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और यवती के आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

