अलीगढ़ : पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय (डीडीयू अस्पताल) अलीगढ़ में शुक्रवार सुबह एक युवक ने आत्महत्या कर ली। उसका शव फंदे पर लटका मिला। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। युवक बुलंदशहर जिले का रहने वाला था और अपनी बीमार साली की देखभाल के लिए पत्नी के साथ अस्पताल आया था। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
गुरुवार रात अंशुल वार्ड में ही पत्नी के साथ मोबाइल पर लूडो खेल रहा था। इसी बीच पत्नी सो गई। पत्नी का कहना है कि अंशुल ने सिर दर्द की शिकायत की और अपना दुपट्टा लेकर वार्ड से बाहर चला गया। सुबह होने पर अंशुल नहीं मिला। तलाश में पता चला कि उसका शव अस्पताल परिसर में सीढ़ियों के पास उसी दुपट्टे से लटका हुआ था।
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पत्नी के दुपट्टे से ही फांसी लगाई गई। परिजनों का आरोप है कि अंशुल की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एमके माथुर ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई थी। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। क्वार्सी थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि घटना की हर पहलू से जाँच की जा रही है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है।

