जींद : जींद के सफीदों में रविवार रात बदमाशों ने घर में सो रहे एक परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो बच्चियों को गोली लगी है। दोनों की हालत गंभीर है। दोनों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बदमाशों का कुछ दिन पहले बच्चियों के पिता के साथ झगड़ा हुआ था। बदमाशों ने बच्चियों के पिता के हाथ-पैर तोड़ दिए थे। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। वहीं, देर रात हुई इस फायरिंग की सूचना के बाद फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया।
इस पूरे मामले में पीड़ितों ने सफीदों शहर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, सफीदों के आदर्श कॉलोनी वार्ड 14 निवासी पीड़ित नूरहसन ने बताया कि उसके छह बेटे हैं। सभी की शादी हो चुकी है। वह अपने बेटे नौसाद के साथ रहता है। नौसाद की तीन बेटियां और एक बेटा है। सबसे बड़ी बेटी तरन्नुम, उससे छोटी बेटी जिमा और सबसे छोटी बेटी जैस्मीन है। लड़के का नाम सुबान है। रविवार रात वह खाना खाकर घर के अंदर सोने चला गया।
नूरहसन ने आगे बताया कि जब सब सो रहे थे, तब उनकी पोतियाँ भी कंबल बिछाकर और कमरे का दरवाज़ा खुला रखकर ज़मीन पर सो रही थीं। रात करीब 1 बजे उन्हें गोलीबारी की आवाज़ सुनाई दी। जब वह घर के अंदर आए, तो उन्होंने देखा कि उनकी 13 साल की पोती तरन्नुम और 10 साल की पोती जैस्मीन खून से लथपथ ज़मीन पर पड़ी थीं। एक के सीने पर और दूसरी के हाथ पर गोली लगी थी। घर के मुख्य द्वार में लोहे के फ्रेम के बीच एक प्लास्टिक का फ्रेम था, हमलावरों ने उसे तोड़ दिया और उसके अंदर से गोलीबारी की।
पीड़ित नूरहसन ने बताया कि उसके बेटे नौसाद का आदर्श कॉलोनी के सोनू अब्जा, मीता, राहुल, अजय, बीरू, सतीश उर्फ मोनू के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े में आरोपियों ने नौसाद के हाथ-पैर तोड़ दिए थे। इसकी शिकायत उसने थाने में की थी। इसके बाद भी आरोपी उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। डर के कारण उसने अपने छोटे बेटे साहिल को बाहर भेज दिया था।
नूरहसन का आरोप है कि सोनू के कहने पर उसके परिवार पर हमला किया गया और उसकी बेटियों को गोली मारी गई। आरोपियों ने तीन लाख रुपये की मांग की है। उन्होंने मामला वापस लेने की भी धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सोनू, मीता, राहुल, अजय, बीरू, सतीश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में सफीदों थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

