रोडवेज बस पर पेड़ गिर गया, हादसे में बस चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई

बाराबंकी : यूपी के बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। चलती अनुबंधित रोडवेज बस पर पेड़ गिर गया। जिसमें बस चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बस में बैठे कई यात्री उसमें दब गए। अचानक हुए हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।

फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत की जा रही है। यह बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी। मृतकों में दो शिक्षक और एक लेखपाल भी शामिल हैं। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। सीएमओ अवधेश यादव ने बताया कि बस पर पेड़ गिरने से हादसा हुआ। एक घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि पांच लोग मृत अवस्था में लाए गए हैं।

उनकी पहचान की जा रही है और परिजनों को सूचना दी जा रही है। जैदपुर थाने की पुलिस मौके पर रेस्क्यू अभियान चला रही है और फंसे हुए यात्रियों को बस से निकालकर जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण हादसे पर दुख जताया है और 5 लाख रुपये मुआवजे का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि, ‘सीएम योगी ने बाराबंकी जिले में हुए सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उनका समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।’

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts