सहारनपुर में बाइक स्टंट का वीडियो वायरल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

Bike stunt video goes viral in Saharanpur, Administration demands action in Saharanpur
सहारनपुर : सहारनपुर के थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में एक युवक द्वारा खतरनाक बाइक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मक्का बांस गांव का है, जहां युवक खुलेआम सड़क पर अपनी स्पोर्ट्स बाइक से जानलेवा करतब करता नजर आ रहा है।
वायरल वीडियो में युवक कभी चलती बाइक पर खड़ा होकर स्टंट करता दिखता है, तो कभी अगला पहिया हवा में उठाकर सिर्फ पिछले पहिये पर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाता नजर आता है। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान बाइक पर एक अन्य युवक भी पीछे बैठा हुआ दिखाई देता है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि स्टंट के दौरान आसपास नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे, जो इन करतबों को बेहद करीब से देख रहे थे। ऐसे में जरा सी चूक एक बड़े हादसे को जन्म दे सकती थी। युवक की यह हरकत न केवल उसकी अपनी जान के लिए खतरा है, बल्कि आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करती है।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित युवक पहले भी इस तरह के स्टंट के चलते पुलिस कार्रवाई का सामना कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया है। वह लगातार ऐसे वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह लापरवाही भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, खासकर जब बच्चे भी इन स्टंट्स से प्रभावित होकर उन्हें दोहराने की कोशिश कर सकते हैं।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts