सहारनपुर : थाना मिर्जापुर इलाके के गांव कासमपुर पाडली की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के पाँच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने तहरीर देकर बताया कि आरोपी युवक ने पहले उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर विशाखापत्तनम ले गया जहां उसके साथ बलात्कार किया। मामला बढ़ा तो पंचायत के दबाव में जबरन शादी करा दी गई। अब ससुराल वाले दो लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर उसे घर से भी निकाल दिया है।
पीड़िता के मुताबिक़ उसके गांव का रहना वाला युवक जो अब उसका पति है। वह पहले उसे अश्लील इशारे करता था और 8 फ़रवरी 2025 को उसे विशाखापत्तनम ले गया। जहां उसकी मर्ज़ी के ख़िलाफ़ कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए। इसकी जानकारी मिलने पर महिला के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मुकदमा दर्ज हुआ तो समाज के जिम्मेदार लोगों की पंचायत हुई और 13 फ़रवरी को पंचायत के दबाव में आकर परिजनों ने उसकी शादी करा दी।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद उसके माता-पिता ने ससुराल वालों को 50 हज़ार रुपये नकद और घरेलू सामान दिया। लेकिन कुछ दिन बाद ही उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। उसके पति को घर वालों ने काम के सिलसिले में घर से बाहर भेज दिया। ससुराल वाले दो लाख रुपये और बुलेट बाइक की माँग करने लगे। आरोप है कि मना करने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने बताया कि उसका ननदोई घर में अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। 6 मार्च को जब उसने उनका विरोध किया तो उसे लाठी-डंडों और थप्पड़ों से पीटा गया और उसके ससुर ने उस पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। किसी तरह वह जान बचाकर अपने मायके पहुँची।
महिला ने बताया कि गाँव में कई बार पंचायत हुई, उसके ससुराल वालों ने उसे वापस ले जाने का आश्वासन भी दिया, लेकिन बाद में मना कर दिया। अब सभी आरोपी उसे अपनाने से इनकार कर रहे हैं। महिला ने अपने आरोपी पति, ससुर, सास, ननद और अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मेल की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्यवाई की जायेगी।

