वृंदावन : वृंदावन में बनने जा रहे श्री बांकेबिहारी मंदिर गलियारा में कई वैकल्पिक रास्ते होंगे। परिक्रमा मार्ग स्थित जुगल घाट की ओर मुख्य प्रवेश द्वार के अलावा विद्यापीठ की ओर से भी श्रद्धालु गलियारा में प्रवेश कर सकेंगे। इसी तरह निकास भी सुगम होगा। श्रद्धालुओं के आवागमन में निरंतरता गलियारा का प्रमुख बिंदु रहेगा।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि वृंदावन में बांकेबिहारी के भक्तों की सहूलियत को देखते हुए गलियारा बनाया जा रहा है। लगभग 5.5 एकड़ में प्रस्तावित गलियारा में श्री बाके बिहारीजी के श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान रखते हुए अनेक प्रकार की व्यवस्थाएं प्रस्तावित की गई हैं।
इसमें पेयजल, जूता-चप्पल घर, शौचालय, सामान घर,खानपान, प्रसाद और फूल माला की व्यवस्थाओं के साथ तीन हजार लोगों के लिए प्रतीक्षालय भी रहेगा। गलियारा के निर्माण होने पर वर्तमान का कोई रास्ता प्रभावित नहीं होगा। गलियारा में प्रवेश के लिए कई द्वार होंगे। मुख्य द्वार परिक्रमा मार्ग में जुगल घाट की ओर रहेगा। विद्यापीठ मार्ग से आने वाले भक्तजन भी श्री बाकेबिहारीजी के दर्शन के लिए गलियारा में प्रवेश कर सकेंगे। इसके अलावा निधिवन से आने वालों के लिए भी रास्ते की यह सुविधा बरकरार रहेगी

