प्रयागराज: धूमनगंज पुलिस ने मंडी परिषद में 2 करोड़ 44 लाख 37 हजार रुपये के गबन के मामले में निर्माण खंड के पूर्व उप निदेशक रावेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व उप निदेशक रावेंद्र सिंह पिछले दो साल से इस मामले में वांछित था। मूल रूप से फिरोजाबाद के शिकोहाबाद यादव कॉलोनी निवासी रावेंद्र को विभागीय सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। इस मामले में तत्कालीन लेखा एवं लेखा परीक्षा अधिकारी संजीव कुमार गंगवार और सेवानिवृत्त लेखा एवं लेखा परीक्षा अधिकारी मैकूलाल अभी भी फरार हैं। वरिष्ठ सहायक मंजीत सिंह को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
बता दें, सितंबर 2023 में मंडी परिषद के सहायक उप निदेशक प्रशासन कुलभूषण वर्मा की शिकायत पर धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप है कि प्रयागराज स्थित मंडी परिषद के निर्माण खंड में 2 करोड़ 44 लाख 37 हजार 327 रुपये का गबन किया गया था। शासन के निर्देश पर की गई विभागीय जाँच में रावेंद्र सिंह, संजीव कुमार गंगवार और मैकूलाल दोषी पाए गए। जाँच में पता चला कि प्रयागराज निर्माण खंड में 12 जुलाई 2022 तक कार्यरत रहे वरिष्ठ सहायक मंजीत सिंह (वर्तमान में झाँसी में तैनात) ने गबन की गई रकम अपनी पत्नी और चार करीबियों के बैंक खातों में जमा कर दी।
धूमनगंज इंस्पेक्टर अमरनाथ राय ने बताया कि जाँच में रावेंद्र सिंह के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। विभागीय जाँच के बाद रावेंद्र सिंह की सेवा पहले ही समाप्त की जा चुकी है।

