वाराणसी : शहर में पार्किंग विवाद को लेकर एक शिक्षक की हत्या कर दी गई। अपार्टमेंट के दबंग पड़ोसी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शिक्षक की लोहे की रॉड और ईंट से कूचकर हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। तीन घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी पटना के कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति का बेटा है। घटना भेलूपुर थाना क्षेत्र के ब्रिज एन्क्लेव स्थित मातृ छाया अपार्टमेंट में हुई।
डीसीपी क्राइम सर्वानन टी ने हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि डॉ. प्रवीण झा (48) मातृ छाया अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर रहते थे। आरोपी आदर्श सिंह अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर रहता है। दोनों के बीच चार पहिया वाहन पार्किंग को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। गुरुवार रात करीब 10 बजे इन लोगों के बीच विवाद हुआ। आदर्श ने चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र निवासी करण सिंह और सतीश पटेल को फोन किया। दोनों घटना से तीन घंटे पहले ही पहुंचे।
इस दौरान आरोपी आदर्श ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शिक्षक प्रवीण की रॉड से पिटाई शुरू कर दी। फिर उन पर ईंट और डंडों से भी हमला किया गया। तीनों मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन डॉ. प्रवीण झा को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक वाराणसी के एक निजी स्कूल में शिक्षक थे।
डीसीपी क्राइम ने आगे बताया कि आदर्श एक निजी कंपनी में मार्केटिंग के पद पर तैनात हैं। एक साल पहले चंदौली निवासी करण से उनकी दोस्ती हुई थी। उनका दोस्त सतीश पटेल दोपहिया वाहन से आया था। घटना के समय आदर्श नशे की हालत में था। घटना में उन पर लोहे की रॉड, डंडे और ईंट से हमला किया गया। डॉ. प्रवीण झा बुरी तरह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया। 3 घंटे के भीतर ही तीनों को बजरडीहा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। आदर्श सिंह के पिता के कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति होने के सवाल पर डीसीपी क्राइम ने कहा कि घटना की जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई है, लेकिन उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है।

