सहारनपुर : पहाड़ों में हुई बारिश का कहर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। बुधवार की रात में हुई बारिश के बाद शिवालिक की छोटी पहाड़ियों के बीच सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में बाढ़ आ गई। मंदिर परिसर में तेज बहाव के साथ आये पानी से माता के दर्शन करने आये श्रदालुओं में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते शाकम्भरी देवी की बरसाती नदी उफान पर आ गई। जिससे कई वाहन पानी में डूब गए जबकि श्रद्धालुओं ने भाग कर जान बचाई। इस दौरान नवरात्र मेले की चल रही तैयारियां भी धवस्त हो गई। श्रदालुओं के लिए बनाया गया लोहे का भारी भरकम पुल धराशाही हो गया।

आपको बता दें कि सहारनपुर जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर शिवालिक की छोटी पहाड़ियों के बीच सिद्दपीठ माँ शाकम्भरी देवी का मंदिर है। जहां हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत देश के कोने कोने से लाखो श्रदालु माँ भगवती के दर्शन करने आते हैं। पहाड़ियों के बीच में बरसाती नदी गुजरती है। बुधवार की रात में पहाड़ों और मैदानी इलाके में हुई बारिश के चलते शाकम्भरी देवी की बरसाती नदी में बाढ़ आ गई। तेज बहाव के साथ आये पानी को आता देख श्रदालुओं में अफरा तफरी मच गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि श्रदालुओं को अपने वाहन भी उठाने का मौका नहीं मिला।
शाकम्भरी देवी में आई बाढ़ की सुचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने भूरा देव से आगे नदी के रास्ते भवन जाने वाले श्रदालुओं को रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान गनीमत ये रही कि किसी श्रदालु को जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। तीन दिन बाद नवरात्र के उपलक्ष में लगने वाले मेले की तैयारियां चल रही थी। बाढ़ में श्रद्धालुओं के लिए की गई बेरीकेडिंग और अस्थाई लोहे का पुल धराशाही हो गया। जिससे जिला पंचायत विभाग को लाखों रुपए का नुकसान हो गया। इस दौरान कई गाड़ियां पानी में डूब गई। नवरात्र मेले को लेकर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही सभी तैयारियां ध्वस्त हो गई। पानी के तेज बहाव और सुरक्षा की दृष्टि से स्थानीय पुलिस व प्रशासन ने श्रद्धालुओं के आवागमन पर रोक लगाई है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


