लखनऊ : 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी ने नई रणनीति तैयार कर ली है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पदाधिकारी बसपा सुप्रीमो के निर्देश पर गांव-गांव जाकर अपना जनाधार बढ़ाने में लगे हैं। पार्टी की करीब 1600 टीमों ने गांवों में पोलिंग बूथ और सेक्टर कमेटियां बनाकर लोगों को जोड़ना शुरू कर दिया है। पार्टी का कहना है कि पदाधिकारी भी नामित किए जा रहे हैं, जो लोगों को BSP की नीतियों और विपक्ष की साजिशों से अवगत करा रहे हैं।
आपको बता दें कि पार्टी अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर भाईचारा कमेटी और ओबीसी कमेटी लगातार काम कर रही है। पार्टी नेताओं का मानना है कि जिस तरह वर्ष 2007 में भाईचारा कमेटियों के जरिए समाज के सभी वर्गों के लोगों का गठबंधन बनाकर सरकार बनाई गई थी, उसी फॉर्मूले पर अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी करनी है। इसके तहत गांव-गांव जाकर कमेटियां बनाना पहली प्राथमिकता है। जिसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र में चार टीमें बनाई गई हैं। पार्टी का मानना है कि BSP नेताओं की नहीं, कार्यकर्ताओं की पार्टी है। चार बार की बसपा सरकार में पार्टी ने अनजान चेहरों को इसी तरह से राजनीतिक पहचान दिलाई थी। इसीलिए पूरा फोकस बूथ समितियों, भाईचारा समितियों और विधानसभा स्तर पर ओबीसी समाज को जोड़ने पर है।
फिलहाल पार्टी तराई और अवध क्षेत्र पर फोकस कर संगठन का तेजी से विस्तार कर रही है। उधर, पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद भी बिहार चुनाव के बाद यूपी में सक्रिय हो सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल बसपा सुप्रीमो के निर्देश पर आकाश आनंद बिहार चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। जिसके बाद उन्हें यूपी में भी सक्रिय किया जा सकता है। फिलहाल बसपा सुप्रीमो खुद यूपी और उत्तराखंड के संगठन की समीक्षा कर उससे जुड़े फैसले ले रही हैं।
बसपा कार्यकर्ताओं के दम पर बनी पार्टी है। बसपा नेताओं की नहीं, कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हमने सरकार भी समाज के सभी वर्गों के आपसी भाईचारे की बदौलत बनाई है। बसपा सुप्रीमो के निर्देश पर गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं के जरिए संगठन को मजबूत किया जा रहा है। बसपा ऐसी नर्सरी है जो नेता बनाती है। इससे पहले बड़े पद पाने वाले नेता अपने बेटे-बेटियों के कारण दूसरे दलों में चले गए थे। – विश्वनाथ पाल, बसपा प्रदेश अध्यक्ष
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...


