सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस लाइन में चल रही कांस्टेबल ट्रेनिंग में फर्जी दस्तावेजों पर जॉइन करने का मामला सामने आया है। पुलिस एक युवती को फर्जी दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक युवती फर्जी ज्वाइनिंग लेटर लेकर ट्रेनिंग में शामिल होने पहुंची थी। युवती की हाइट कम होने पर दस्तावेजों की जांच की गई तो युवती पकड़ में आई है। पुलिस ने युवती के खिलाफ थाना सदर बाजार में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि सहारनपुर पुलिस लाइन में ट्रेनिंग के लिए मीनाक्षी नाम की 5 महिला सिपाहियों के नाम आए हुए हैं। इसी बीच छठा नाम मीनाक्षी सामने आया तो अफसरों को युवती पर शक हुआ। पुलिस ने सख्ती के साथ युवती से पूछताछ की तो उसने न सिर्फ अपना जुर्म कबूल कर लिया बल्कि फर्जी जॉइनिंग लेटर बनाना भी स्वीकार कर लिया। पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि “मैंने दूसरी महिला कांस्टेबल का ज्वाइनिंग लेटर एडिट कर उसमें अपना नाम लिख दिया था। मुझे लगा कि ऐसा करने से मैं पुलिस में भर्ती हो जाऊंगी। जिससे मेरा पुलिस में भर्ती होने का सपना भी पूरा हो जायेगा और साथ ही सरकारी नौकरी भी लग जाएगी। लेकिन दस्तावेजों की जांच में पकड़ी गई।
आरोपी युवती की पहचान आगरा जिले के जैतपुर कलां के करनपुरी निवासी मीनाक्षी के रूप में हुई है। युवती का कद बहुत कम है और वह कम कद के चलते पुलिस में भर्ती होने के योग्य नहीं है। बावजूद उसके युवती ने पुलिस में भर्ती होने के लिए नियम कानून सब तोड़ डाले। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली सदर बाजार में आरोपी मीनाक्षी के खिलाफ धोखाधड़ी और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में आई मीनाक्षी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि आगरा में उसकी मुलाकात एक महिला पुलिस अधिकारी से हुई। मैंने उससे कहा कि मैं भी आपकी तरह बनना चाहती हूं। इसके बाद उसने कांस्टेबल भर्ती का फॉर्म भर दिया। उसने परीक्षा दी, लेकिन पास नहीं हो सकी। वह किसी तरह नौकरी पाना चाहती थी, इसलिए उसने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तैयार किया और ट्रेनिंग के लिए सहारनपुर पहुंच गई।
एसएसपी रोहित सजवान ने बताया कि उसने जिस लड़की का ज्वाइनिंग लेटर एडिट करके तैयार किया था। मीनाक्षी ने उसको भी धमकी दी थी। पुलिस ने जब आरोपी लड़की के मोबाइल को चेक किया तो उसमें सिर्फ 10 दिन का ही डाटा मिला। क्योंकि आरोपी युवती ने पिछला सारा डाटा पहले ही डिलीट कर दिया था। आरोपी लड़की के हाथ पर कई कट के पुराने निशान हैं। पुलिस का मानना है कि उसने प्रेम प्रसंग के चलते कलाई काटी होगी। पुलिस लड़की के प्रेम प्रसंग के बारे में भी पता लगा रही है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि सहारनपुर में रिक्रूट ट्रेनिंग चल रही है। यहां 250 महिला रिक्रूट पहुंची हैं। कांस्टेबल ट्रेनिंग के लिए दस्तावेज सत्यापन के लिए 6 जिलों से अभ्यर्थी सहारनपुर पुलिस लाइन आए हैं। आगरा जिले के जैतपुर कलां के करनपुरी निवासी मीनाक्षी नाम की लड़की अभ्यर्थी बनकर दस्तावेज सत्यापन के लिए पहुंची। लड़की ने अपने दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे। दस्तावेजों की जांच करने पर ज्वाइनिंग लेटर संदिग्ध मिला।
अधिकारियों ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो लड़की ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी लड़की ने अमरोहा जिले के नवापुरा गांव निवासी मीनाक्षी पुत्री शिवराज नाम की महिला अभ्यर्थी के दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी लड़की ने यह फर्जीवाड़ा अकेले किया या इसमें कोई गिरोह शामिल है। जांच के बाद इस फर्जीवाड़े के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो जाएगा।

