टोलकर्मियों ने सेना के जवान के साथ की मारपीट,ऑपरेशन सिंदूर के बाद घर लौटा था सिपाही, पुलिस आरोपियों के खिलाफ कर रही कार्यवाई

मेरठ : मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात टोल कर्मियों ने एक सिपाही की पिटाई कर दी. आरोप है कि सिपाही को टोल कर्मियों ने बेरहमी से पीटा. सिपाही को उसका चचेरा भाई दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ने जा रहा था।  सिपाही श्रीनगर में ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा था. यह सिपाही ऑपरेशन सिंदूर में भी शामिल रहा है. मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आपको बता दें कि मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में मेरठ करनाल हाईवे पर स्थित भूनी टोल प्लाजा पर कल देर रात टोल कर्मियों ने छुट्टियों के बाद वापस ड्यूटी पर जा रहे एक सिपाही की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि सिपाही को लोहे के खंभे से बांधकर हमला किया गया।

दरअसल, जिले के गोटका गांव निवासी कपिल ऑपरेशन सिंदूर के बाद कांवड़ यात्रा के लिए श्रीनगर से छुट्टी पर आया था. रविवार रात वह अपने चचेरे भाई शिवम के साथ दिल्ली जा रहा था. कपिल की सोमवार सुबह फ्लाइट थी। टोल पर पहुँचकर कपिल ने अपना आर्मी आईडी कार्ड दिखाया और जाने देने की गुहार लगाई, लेकिन टोलकर्मियों ने उसे जाने नहीं दिया। सेना के जवान कपिल का आरोप है कि टोलकर्मियों ने उसका आईडी कार्ड छीन लिया और फिर उसका मोबाइल छीनकर उसकी पिटाई कर दी। कपिल के चचेरे भाई शिवम ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उसकी भी पिटाई कर दी गई, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

टोलकर्मियों के इस व्यवहार की जानकारी जब स्थानीय लोगों को हुई, तो वहाँ ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने पुलिस को भी फोन कर दिया। इसके बाद पुलिस और लोगों को आता देख टोल पर तैनात कर्मचारी भी वहाँ से भाग गए। इसके बाद गुस्साए लोगों, ग्रामीणों के अलावा हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काफी देर तक हंगामा किया। मौके पर पहुँचे थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल सेना के जवान और उसके चचेरे भाई को सीएचसी में भर्ती कराया है।

थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि सिपाही कपिल ने पुलिस को तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करेगी। एसपी ग्रामीण राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस पूरे मामले में शिकायतकर्ता की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस कार्रवाई कर रही है। एसपी ग्रामीण राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि भूनी टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों ने भारतीय सेना के एक जवान के साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की। देर रात तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज से पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NPR BHARAT NEWS के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts