गोंडा : कैसरगंज संसदीय सीट से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण ने बाबा रामदेव पर विवादित टिप्पणी की है। एक दिन पहले रविवार को भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह बलरामपुर जिले में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए थे। यहां संबोधन के दौरान बृजभूषण ने बाबा रामदेव पर जमकर निशाना साधा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजभूषण ने महर्षि पतंजलि की धरती कोंडावर का जिक्र किया। इसी क्रम में उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि के नाम पर लोग करोड़ों-अरबों रुपये कमा रहे हैं और इस जगह का जिक्र तक नहीं कर रहे हैं। इसके बाद बृजभूषण ने रामदेव पर विवादित बयान दिया।
बता दें कि पिछले दो सालों से पूर्व सांसद बृजभूषण लगातार बाबा रामदेव के खिलाफ बयान दे रहे हैं। कभी नकली घी तो कभी नकली उत्पाद बताकर लगातार हमला बोलते रहे हैं। एक बार तो उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बाबा रामदेव के खिलाफ बयान भी दिया था। इसे लेकर बाबा रामदेव के सचिव ने पूर्व सांसद को नोटिस भी भेजा था। जिसके बाद बृजभूषण ने इसका जवाब भी दिया था। अब एक बार फिर श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होने बलरामपुर पहुँचे बृजभूषण ने बाबा रामदेव पर निशाना साधा।
पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण का बाबा रामदेव पर विवादित बयान अब चर्चा में है। आपको बता दें कि गोंडा का कोंडर महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। यहाँ एक झील भी है, जिसके किनारे एक गाँव बसा है। कहा जाता है कि महर्षि पतंजलि ने यहीं रहकर योग का प्रचार-प्रसार किया था।

